विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'SIR से पहले ही 56 चुनाव हार चुकी थी कांग्रेस', स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर तीखा हमला

Published: Tue, 03 Nov 2026 09:18 PM (IST)Updated: Tue, 03 Nov 2026 09:19 PM (IST)

स्मृति इरानी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 2014 से 2025 के बीच विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से पहले ही कांग्रेस 56 चुनाव हार चुकी थी।

कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले 56 चुनाव हारे: स्मृति ईरानी

कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले 56 चुनाव हारे: स्मृति ईरानी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति इरानी ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2014 से 2025 के बीच विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की मौजूदा प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कांग्रेस 56 चुनाव हार चुकी थी।

इन चुनावी पराजयों के लिए उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की विफलता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक नाकामी पर आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस और उसके नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान में हिस्सा लेने पहुंचीं इरानी ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विपक्ष पर भारत की छवि खराब करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए विदेशी मदद लेने का भी आरोप लगाया।

Smriti Irani (3)

राहुल पर विदेशी धरती से देश के खिलाफ बयान देने का आरोप

इरानी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि अय्यर पाकिस्तान जाकर भारत के खिलाफ टिप्पणियां करते हैं, जबकि राहुल गांधी लंदन जाकर कहते हैं कि वह मोदी को हराना चाहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता के लिए विदेशी धरती से इस तरह के बयान देना उचित है?

एसआईआर को लेकर विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियां और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने की प्रक्रिया का कांग्रेस विरोध क्यों कर रही है?

यदि मतदाता सूची में ऐसे नाम मौजूद हैं तो उन्हें हटाने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए? उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में 10 बार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई थी। ऐसे में वर्तमान प्रक्रिया पर सवाल उठाने का औचित्य क्या है?

चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर हमले का आरोप

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस 2014 से लगातार चुनावी पराजय का सामना कर रही है। उस समय ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त भी नहीं थे।

इसके बावजूद कांग्रेस अपनी हार के कारणों की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति के लिए उसका भ्रष्ट और विफल नेतृत्व जिम्मेदार है।

गौरतलब है कि एसआइआर को लेकर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दल चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में कथित 'वोट चोरी' को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहे हैं।

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी कर रहा है। वहीं, भाजपा का कहना है कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से दोहरे नाम और मृत व्यक्तियों के नाम हटाकर सूची को शुद्ध किया जा रहा है।

इरानी ने राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अकेले चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने में सक्षम नहीं है। इसी वजह से राहुल गांधी को कई विपक्षी दलों को एक साथ लाकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

ममता सरकार ने घुसपैठियों को भी दिए थे वोटर कार्ड : इरानी

इरानी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की तत्कालीन सरकार ने बंगाल में घुसपैठियों को भी वोटर कार्ड मुहैया कराए थे। उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठ का मुद्दा लंबे समय से गंभीर चिंता का विषय रहा है और मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल किए जाने के आरोपों की जांच जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।