विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SRFTI हिंसा की जांच के लिए एसआईटी गठित, खुफिया प्रमुख कुणाल अग्रवाल करेंगे नेतृत्व

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:13 PM (GMT+05:30)

कोलकाता पुलिस ने सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में 27 सितंबर को हुई हिंसा की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

HighLights

  1. SRFTI हिंसा की जांच को छह सदस्यीय SIT गठित।

  2. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कुणाल अग्रवाल करेंगे SIT का नेतृत्व।

  3. SIT को 1 अक्टूबर तक प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपनी होगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता स्थित सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में 27 सितंबर को हुई हिंसा की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की है। इसका नेतृत्व कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल करेंगे। एसआईटी को एक अक्टूबर तक प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी है।

एसआईटी में कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) स्पर्शा निलांगी, सीआईडी के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस कौशिक घोष, एंटी-राउडी सेक्शन के सहायक आयुक्त सलील राय, ईस्टर्न सबर्बन डिवीजन के सहायक आयुक्त तुषारकांति घोष और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के इंस्पेक्टर हीरक दलपति शामिल हैं।

क्या है मामला?

एसआरएफटीआई परिसर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यक्रम को लेकर छात्रों के एक वर्ग और कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच विवाद के बाद हिंसा हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।

छात्रों ने कार्यक्रम में बाहरी लोगों के शामिल होने पर आपत्ति जताने और मारपीट का आरोप लगाया, जबकि ग्राहक पंचायत की ओर से कार्यक्रम में बाधा डालने तथा उसके सदस्यों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।

मामले में तीन एफआईआर हुईं दर्ज

पंचसायर थाने में घटना को लेकर तीन प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। एसआईटी घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की समीक्षा करेगी। घटना से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की अलग-अलग जांच होगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बंगाल: 'खराब सड़कें और रोजाना 4 घंटे का सफर', SIR ट्रिब्यूनल के जज ने चीफ जस्टिस को भेजा इस्तीफा