विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: सिंगुर में ममता तृणमूल के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़, पूर्व पंचायत अधिकारी समेत पांच घायल

Published: Sun, 01 Nov 2026 10:56 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के सिंगुर में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट हुई, जिसमें पूर्व पंचायत अधिकारी दुखीराम दास समेत पांच लोग घायल हो गए।

सिंगुर में तृणमूल कार्यालय पर हमला

सिंगुर में तृणमूल कार्यालय पर हमला

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के हुगली जिले के सिंगुर में ममता तृणमूल के पार्टी कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना में पार्टी के वरिष्ठ नेता और सिंगुर पंचायत समिति के पूर्व लोक निर्माण कार्याध्यक्ष दुखीराम दास समेत कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। दुखीराम के सिर में गंभीर चोट लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में घुसकर हमला किया। हालांकि, भाजपा ने इस आरोप को पूरी तरह खारिज करते हुए घटना को तृणमूल के अंदरूनी गुटीय विवाद का परिणाम बताया है।

कार्यालय में घुसने का आरोप

दुखीराम दास के अनुसार, शनिवार शाम पार्टी की बैठक समाप्त होने के बाद वह कुछ अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सिंगुर ब्लाक तृणमूल कार्यालय में बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा के कुछ लोग जय श्रीराम के नारे लगाते हुए कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने वहां पूर्व मंत्री बेचारााम मन्ना के बारे में पूछताछ की।

दुखीराम का दावा है कि जब उन्हें बताया गया कि बेचाराम मन्ना कार्यालय में मौजूद नहीं हैं, तो उन्होंने अचानक वहां बैठे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। मारपीट में लात-घूंसे और थप्पड़ चलाए गए। इसके बाद पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई। दुखीराम के सिर में चोट लगी, जबकि अन्य कार्यकर्ता भी घायल हुए। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, भाजपा ने इस घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इन्कार किया है। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने आरोप लगाया कि यह घटना ममता तृणमूल के भीतर चल रहे गुटीय विवाद का नतीजा है। भाजपा का इससे कोई संबंध नहीं है। इधर, पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।