सिंगुर में 997 एकड़ जमीन खरीदने की कवायद में जुटी बंगाल सरकार, सीएम शुभेंदु ने दिए औद्योगिक वापसी के संकेत
पश्चिम बंगाल सरकार सिंगुर में 997 एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी कर रही है ताकि औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिल सके।

सिंगुर में औद्योगिक वापसी के संकेत (मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी-फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में औद्योगिक निवेश को गति देने के लिए राज्य सरकार सिंगुर में 997 एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस संबंध में किसानों से बातचीत चल रही है।
सरकार उचित कीमत पर जमीन खरीदना चाहती है। इसके लिए पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआइडीसी) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि मुख्यमंत्री ने जमीन पर प्रस्तावित परियोजना का खुलासा नहीं किया।
यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने सिंगुर में अशोक लेलैंड की ट्रक निर्माण इकाई स्थापित होने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में बंद जूट मिलों के मालिकों से भी राज्य सरकार जमीन खरीद रही है। अगले तीन महीनों में 8 से 10 हजार एकड़ जमीन खरीदने का लक्ष्य रखा गया है।
न्यू टाउन के पास भांगड़ में भी जमीन बेचने के इच्छुक मालिकों से बातचीत की जाएगी। इसके अलावा पुरुलिया में बड़े पैमाने पर उपलब्ध जमीन पर पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने की संभावना तलाशी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने अशोक लेलैंड का ट्रक कारखाना स्थापित होने और जल्द काम शुरू होने की बात कही है।