विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: कनपटी पर रखी बंदूक, सोना और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

Published: Thu, 29 Oct 2026 12:03 AM (IST)

सिलीगुड़ी के भक्ति नगर थाना क्षेत्र में एक आभूषण व्यापारी से बंदूक की नोक पर लाखों के गहने और नकदी ...और पढ़ें

सिलीगुड़ी में आभूषण व्यापारी से बंदूक की नोक पर लूट।

सिलीगुड़ी में आभूषण व्यापारी से बंदूक की नोक पर लूट।

HighLights

  1. सिलीगुड़ी में आभूषण व्यापारी से बंदूक की नोक पर लूट।

  2. बदमाशों ने करीब 200 ग्राम सोना और 2 लाख रुपये लूटे।

  3. पीछा करने पर बदमाशों ने व्यापारी पर गोली चलाई।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। शहर के निकट भक्ति नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक व्यापारी से गहने और नकदी से भरा बैग लूट लिया। व्यापारी ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली व्यापारी को नहीं लगी और उनकी जान बच गई।

बुधवार देर रात पंचानन कालोनी में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। वारदात की सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाने की पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईस्टर्न बाईपास स्थित बहू बाजार में आभूषण की दुकान चलाने वाले उत्तम सरकार रोजाना की तरह बुधवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके बैग में दुकान के गहने और नकदी रखी थी। बाइक से पंचानन कालोनी स्थित घर की गली में मुड़ते ही दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

इनमें से दो बदमाश बाइक से उतरे और उत्तम को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उनकी कनपटी पर बंदूक सटाकर गहने और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश बाइक से फरार हो गए।

अचानक हुए हमले से संभलने के बाद उत्तम सरकार ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की। वह बाइक लेकर उनके पीछे निकले, लेकिन बदमाशों ने एक राउंड गोली चला दी। गोली चलने से वह सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए पीछा रोक दिया।

इसके बाद उन्होंने तत्काल आसीघर चौकी की पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

उत्तम सरकार के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 200 ग्राम सोने के गहने, चांदी के आभूषण और लगभग दो लाख रुपये नकद थे। इस तरह बदमाश लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रेकी के बाद वारदात की आशंका

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने व्यापारी की गतिविधियों पर कई दिनों तक नजर रखने के बाद वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि उत्तम सरकार रोजाना गहने और नकदी लेकर दुकान आते-जाते थे। ऐसे में बदमाशों को उनके आने-जाने के समय और रास्ते की जानकारी होने की आशंका है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शहर के निकट व्यस्त इलाके में बंदूक की नोक पर लूट और फिर गोली चलाने की इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।

यह भी पढ़ें- कोलकाता पुलिस ने किया ऑन द स्पॉट 'इंसाफ', बाप-बेटे को नग्न घुमाने वाले दबंगों को कमर में रस्सी बांधकर बिना शर्ट घुमाया