ट्यूमर से दांव पर लग गई थी जिंदगी, बुलंद हौसले से की वापसी; अब तक 40 से अधिक फुल मैराथन में हिस्सा ले चुकी हैं श्यामली
श्यामली सिंह ने ब्रेन ट्यूमर से उबरकर मैराथन में वापसी की है, मुंबई मैराथन में तीसरा स्थान हासिल किया और अब कोलकाता मैराथन की तैयारी कर रही हैं। रानीगंज की इस एथलीट ने 40 से अधिक फुल मैराथन पूरी की हैं, जो उनके अटूट हौसले और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
-1795886581086_m.webp)
AI इमेज
विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। दौड़ते कदम ऐसे लड़खड़ाए कि जिंदगी ही दांव पर लग गई। ब्रेन ट्यूमर ने बिस्तर पर ला दिया। चेन्नई के अस्पताल में 12 घंटे से ज्यादा समय तक चले बेहद जटिल आपरेशन के बाद जिंदगी तो बच गई, लेकिन दौड़ने की ताकत छिन चुकी थी। लगा, मैराथन का सफर खत्म हो जाएगा, लेकिन पश्चिम बर्द्धमान जिले के छोटे से शहर रानीगंज की श्यामली सिंह इससे उबरकर जिंदगी की मैराथन जीत गईं।
डेढ़ साल तक शरीर को साधा और फिर उसी राह पर लौट आईं, जहां उनके सपने दौड़ते हैं। बीमारी से उबरने के बाद 2024 में मुंबई मैराथन में इंडिया एलीट श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल कर उन्होंने साबित किया कि हौसले बुलंद हों तो कुछ भी मुश्किल नहीं। श्यामली अब 30 नवंबर को होने वाले जेबीजी कोलकाता मैराथन में भाग लेंगी।
27 साल की श्यामली के लिए दौड़ना सिर्फ खेल नहीं, जिंदगी को जीने का तरीका है। स्कूल के दिनों में दौड़ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से शुरू हुआ यह सफर धीरे-धीरे उनके सपनों का रास्ता बन गया। 2013 में पहली बार तत्कालीन इलाहाबाद मैराथन में उतरीं तो पहली ही कोशिश में तीसरा स्थान हासिल किया। 2020 में श्यामली को अचानक ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित होने का पता चला। पति और कोच संतोष सिंह का साथ संबल बना। धीरे-धीरे उन्होंने फिर अभ्यास शुरू किया। श्यामली अब तक 40 से अधिक फुल मैराथन में हिस्सा ले चुकी हैं।
फुल मैराथन की 42.195 किलोमीटर की दूरी तय करना कठिन परीक्षा है। इसके लिए शारीरिक क्षमता, अनुशासन, धैर्य और मानसिक दृढ़ता की जरूरत होती है। श्यामली रोजाना 3-4 घंटे अभ्यास करती हैं। पिता राजेन सिंह किसान हैं और मां छवि सिंह गृहिणी। सीमित संसाधनों के बीच अपने जुनून को आगे बढ़ाना उनके संघर्ष का हिस्सा रहा है। श्यामली कहती हैं कि मैराथन काफी महंगी है। अच्छे जूते 15 हजार से कम में नहीं मिलते। पौष्टिक आहार का सेवन करना पड़ता है। आर्थिक मुश्किलें तो हैं लेकिन मैं भी रुकने वाली नहीं हूं।