विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात, कोलकाता मेट्रो और गंगासागर रेल लाइन समेत 17 परियोजनाओं पर हुई चर्चा

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:51 PM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2026 10:52 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर बंगाल की लंबित रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। 

केंद्रीय रेल मंत्री से मिले बंगाल के सीएम शुभेंदु। (फोटो-ANI, 19 नवंबर 2026)

केंद्रीय रेल मंत्री से मिले बंगाल के सीएम शुभेंदु। (फोटो-ANI, 19 नवंबर 2026)

HighLights

  1. कोलकाता मेट्रो के बेलेघाटा-सेक्टर पांच खंड को जल्द शुरू करने की मांग।

  2. गंगासागर तक रेल संपर्क विकसित करने का प्रस्ताव रेल मंत्री को।

  3. राज्य की 17 लंबित रेल परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।

बैठक में उन्होंने विशेष रूप से कोलकाता में न्यू गरिया से एयरपोर्ट खंड (आरेंज लाइन) में बेलेघाटा से साल्टलेक सेक्टर पांच के बीच मेट्रो सेवा शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।

रेल भवन में रेल मंत्री के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चिंगड़ीघाटा में करीब 700 मीटर के हिस्से को लेकर लंबे समय से बनी बाधा दूर हो चुकी है और परियोजना का काम पूरा हो गया है। ट्रायल रन भी किया जा चुका है।

अब इस खंड को आम यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी तेज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करें, ऐसी राज्य सरकार की इच्छा है। उद्घाटन की तारीख प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बैठक में राज्य की कुल 17 रेल परियोजनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। इसमें हिली और नंदीग्राम–देशप्राण जैसी परियोजनाओं पर भी बात हुई, जो अब तक भूमि संबंधी समस्याओं के कारण अटकी थीं। उन्होंने अगले वर्ष मार्च तक इन परियोजनाओं पर ट्रेन सेवा शुरू करने की संभावना पर विचार करने का आग्रह किया।

गंगासागर तक रेल संपर्क का प्रस्ताव

गंगासागर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सागरद्वीप तक रेल लाइन विकसित करने का प्रस्ताव भी रेल मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये आवंटित किए जा चुके हैं।

विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और सर्वेक्षण का काम जल्द शुरू करने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ वर्षों में गंगासागर तक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

बैठक में रेल के जरिए माल ढुलाई को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित रेल परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में यातायात और माल परिवहन की सुविधाओं को गति मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।