'हिम्मत है तो फिर चुनाव लड़कर दिखाएं, तीसरी बार भी हराऊंगा'; ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने दी चुनौती
शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी, दावा किया कि वे उन्हें तीसरी बार भी हराएंगे।

शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को दी चुनौती

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विषय पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो दोबारा चुनाव मैदान में उतरें। वह उन्हें तीसरी बार भी पराजित करेंगे।
शुभेंदु ने उल्लेख किया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता को मैंने नंदीग्राम में और 2026 में उनकी घर की सीट भवानीपुर से हराया है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि अगर वह फिर से चुनाव लड़ती हैं तो तीसरी बार भी हराऊंगा। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि कभी कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस बनाने वाली ममता बनर्जी अब अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए उसी कांग्रेस के सामने आत्मसमर्पण कर रही हैं।
शुभेंदु ने कहा कि ममता कोलकाता में रहने के बजाय बार-बार दिल्ली जा रही हैं और वहां कांग्रेस तथा माकपा के साथ नजदीकी बढ़ाकर राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही हैं और उनके सामने झुक रही हैं। ममता पर तंज सकते हुए कहा कि अब आप दिल्ली घूमिये, बंगाल में आपके लिए कुछ नहीं बचा है।
अभिषेक को भी 2029 का चुनाव लड़ने की दी चुनौती
मुख्यमंत्री ने तृणमूल सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अभिषेक यदि 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो वह उन्हें हराने के लिए मैदान में उतरेंगे। शुभेंदु ने कहा कि ममता के शासनकाल में दक्षिण 24 परगना जिले में अभिषेक का प्रभाव इस तरह था, मानो पूरा जिला उनकी निजी जागीर हो। उनके अनुसार, पूर्ववर्ती शासन में पंचायत चुनाव भी स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से नहीं होने दिए गए।
बड़े चोर जेल जाएंगे ही, बस थोड़ा इंतजार कीजिए
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा वीआइपी पास घोटाले में गिरफ्तार किए गए पूर्व मंत्री और गायक इंद्रनील सेन का नाम लेते हुए परोक्ष रूप से ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उनके साथ युगल गीत गाए हैं, उन्हें भी जेल जाना पड़ सकता है। बड़े चोर जेल जाएंगे ही, बस थोड़ा इंतजार कीजिए। उनका संकेत ममता की ओर था, जिन्होंने इंद्रनील सेन के साथ मंच साझा किया था।
शुभेंदु ने दावा किया कि इस बार दुर्गापूजा के दौरान ममता और अभिषेक बनर्जी को सार्वजनिक तथा धार्मिक आयोजनों में आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने दोनों को राजनीतिक बोझ बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपित बड़े लोगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी। हालांकि, उन्होंने लोगों से इसके लिए धैर्य रखने की अपील की।
पीड़ितों से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा
मुख्यमंत्री ने 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि गृह एवं पुलिस मंत्री के रूप में अपराधियों को जेल भेजना उनकी जिम्मेदारी है। साथ ही अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन को मुक्त कराकर गरीबों, विशेषकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों में वितरित करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने अवैध बूचड़खानों को बंद कराने और बारुईपुर में भ्रष्टाचार के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।