चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने का मामला, ममता के खिलाफ नई कानूनी लड़ाई की तैयारी में CM शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर 2026 विधानसभा चुनाव के हलफनामे में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।
-1794329554135_m.webp)
शुभेंदु ने ममता पर हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया
HighLights
शुभेंदु ने ममता पर हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया
ममता का नामांकन रद्द कराने अदालत जाएंगे शुभेंदु अधिकारी
रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका की जांच की भी मांग करेंगे
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच राजनीतिक टकराव अब एक और कानूनी मोर्चे पर पहुंचता दिख रहा है।
शुभेंदु ने मंगलवार को आरोप लगाया कि 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता ने अपने चुनावी हलफनामे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई थीं।
उन्होंने इस मामले में नए सिरे से कानूनी कार्रवाई शुरू करने और ममता का नामांकन रद कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ममता के नामांकन पत्रों की जांच के दौरान आपत्तियों को खारिज करने वाले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
नामांकन जांच में आपत्तियां खारिज करने पर उठाए सवाल
शुभेंदु ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी के चुनावी हलफनामे में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कई उम्मीदवारों ने इस संबंध में आपत्तियां भी दर्ज कराई थीं।
इसके बावजूद संबंधित रिटर्निंग अधिकारी ने उन आपत्तियों को खारिज करते हुए उनका नामांकन स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जांच के दौरान हलफनामे में कथित विसंगतियों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने के मामलों में अदालतों के कई फैसले मौजूद हैं। वह इन्हीं कानूनी आधारों पर अदालत में याचिका दायर कर ममता का नामांकन रद करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की अनियमितताओं को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
नंदीग्राम और भवानीपुर के बाद फिर आमने-सामने
मालूम हो कि शुभेंदु और ममता बनर्जी के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता पिछले दो विधानसभा चुनावों से लगातार चर्चा में रही है। 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को पराजित किया था। इसके बाद 2026 के विधानसभा चुनाव में कोलकाता के भवानीपुर में भी उन्होंने ममता को हराया।
भवानीपुर ममता के घर की सीट थी। अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने इस बार भवानीपुर के अलावा नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ा था और दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी।
इस बीच, दिल्ली पुलिस की ओर से सोमवार को ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर 2013 के एक मामले में नोटिस दिए जाने को लेकर भी शुभेंदु से सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले के विस्तृत तथ्यों की जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।