विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'देश के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं, सनातनी संस्कृति को कमजोर करने वाली ताकतों को परास्त करेगी युवा पीढ़ी', बोले CM शुभेंदु

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:00 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने युवाओं से सनातनी परंपराओं को मजबूत करने और विरोधियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया, ...और पढ़ें

देश के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं- शुभेंदु अधिकारी

देश के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं- शुभेंदु अधिकारी

HighLights

  1. युवा पीढ़ी सनातनी परंपराओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

  2. 29 दिसंबर को कोलकाता में 10 लाख लोगों का सामूहिक गीता पाठ।

  3. बंगाल सरकार देश विरोधी साजिश, हिंसा और अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि सनातनी परंपराओं को मजबूत करने और उन्हें कमजोर करने वाली ताकतों को परास्त करने में युवा पीढ़ी की अहम भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से सनातनी संस्कृति के विरोधियों के खिलाफ इंटरनेट मीडिया, सार्वजनिक मंचों और अपने-अपने क्षेत्रों में आवाज उठाने का आह्वान किया।

कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में रामानंद मिशन की ओर से आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम 'सनातन वाइब्स' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर हिंदू धार्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिकूल माहौल बनाने का आरोप लगाया।

शुभेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण और महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों तक सत्ता में रहे वाममोर्चा ने भी सनातन धर्म की परंपराओं को हतोत्साहित किया। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार के दौरान मां काली की प्रतिमा को पुलिस की हिरासत वाली गाड़ी में रखा गया था।

उन्होंने महालया के दिन दिल्ली में ममता बनर्जी को हिरासत में लिए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए उन पर तंज कसा।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बंगाल में हिंदू अपने धर्म और आस्था का पालन बिना किसी भय के कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी यह दिखाती है कि नई पीढ़ी अपनी धार्मिक परंपराओं को लेकर जागरूक है।

यही पीढ़ी 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और देश को विश्वगुरु बनाने में योगदान देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए स्कूली पाठ्यक्रम में सनातनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विषय शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है।

29 दिसंबर को ब्रिगेड मैदान में 10 लाख लोगों का होगा सामूहिक गीता पाठ

मुख्यमंत्री ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में 29 दिसंबर को 10 लाख लोगों के सामूहिक गीता पाठ के आयोजन की भी घोषणा की। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और योग गुरु बाबा रामदेव शामिल होंगे। इसके अलावा 16 से 24 जनवरी 2027 तक कोलकाता में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन होगा। इसमें 1,008 कुंडीय यज्ञ और सनातन महासभा आयोजित की जाएगी।

शुभेंदु ने रामानंद मिशन की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मुलाकात कर गंगा किनारे आश्रम और बड़ी गोशाला स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर गंगासागर में पवित्र स्नान के लिए भी आएंगे। राज्य सरकार उनके आवागमन के लिए हेलीकाप्टर की व्यवस्था करेगी। वह कपिल मुनि आश्रम भी जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब पांच लाख लोगों ने हिस्सा लिया।

देश के खिलाफ साजिश, हिंसा और अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी बंगाल सरकार - शुभेंदु

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उनकी सरकार देश के खिलाफ किसी भी साजिश, हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके बाद महिलाओं की सुरक्षा और राज्य के नागरिकों की हिफाजत सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में भारत सेवाश्रम संघ की ओर से आयोजित जगद्धात्री पूजा के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जिले के बेलडांगा, धूलियान और समशेरगंज में बार-बार हुई हिंसा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इन इलाकों में अशांति क्यों होती रही।

बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का पहला दायित्व देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बंगाल की धरती से भारत माता के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश नहीं रची जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा बहाल करने, सभी समुदायों के नागरिकों की रक्षा करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बांग्लादेश से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए शुभेंदु ने पड़ोसी देश के हालात का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में लोगों को अपने धर्म का पालन करने से रोके जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि ठाकुर प्रणबानंद महाराज और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उस समय आवाज नहीं उठाई होती तो आज हम भी बांग्लादेश में रह रहे होते और हमारी स्थिति भी वहां के हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास जैसी हो सकती थी।

रेल पर पथराव और सड़क जाम पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने मुर्शिदाबाद में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं का जिक्र करते हुए सवाल किया कि ट्रेनों पर पत्थर क्यों फेंके जाते हैं और छोटी-छोटी बातों पर राष्ट्रीय राजमार्गों को क्यों जाम कर दिया जाता है।

उन्होंने पिछले वर्ष अप्रैल में जंगीपुर में हरगोविंद दास और उनके बेटे चंदन दास की हत्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों को अपने धार्मिक अधिकारों के पालन के लिए अदालत का दरवाजा क्यों खटखटाना पड़ता है।

गौरतलब है कि वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में मुर्शिदाबाद के कुछ इलाकों में हिंसा हुई थी। इस दौरान ट्रेनों पर पथराव और सड़क जाम की घटनाएं भी सामने आई थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति, नागरिकों की सुरक्षा और कानून का शासन सुनिश्चित करना उनकी सरकार की जिम्मेदारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।