'बंगाल का उपचुनाव अल्पसंख्यकों के लिए परीक्षा', शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में मांगा समर्थन
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव से पहले अल्पसंख्यक मतदाताओं से सरकार का समर्थन करने की अपील की

शुभेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक मतदाताओं को लेकर मंगलवार को कहा कि ये लोग हमें या भाजपा को वोट नहीं देते

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नंदीग्राम व रेजीनगर सीट पर उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक मतदाताओं को लेकर मंगलवार को कहा कि ये लोग हमें या भाजपा को वोट नहीं देते।
मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम सीट से भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यक वोटर से मैं अपील करना चाहता हूं कि आपके पास एक मौका आया है।
छह अक्टूबर को आपकी परीक्षा होगी, जिसमें आपको बताना होगा कि आप सरकार और मुख्यमंत्री के साथ हैं या नहीं। सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं। इस परीक्षा में आपको पास होना है या फेल, यह फैसला मैं आप पर छोड़ता हूं। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से मैंने जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।
पिछली तृणमूल सरकार के दौरान नंदीग्राम के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे आपराधिक मामलों को वापस लेना मेरी जिम्मेदारी है। अत्याचार झेलने वाले सभी कार्यकर्ताओं को काम, आश्रय और भोजन उपलब्ध कराना मेरा वादा है।
मुख्यमंत्री की हुंकार- नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा रिकॉर्ड अंतर से जीतेगी
मुख्यमंत्री शुभेंदु मंगलवार को हासिरानी रथ का नामांकन दाखिल कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ विशाल जुलूस में हल्दिया के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हासिरानी रथ ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
हासिरानी के नामांकन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने दावा किया कि नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार एवं उनके पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां रिकार्ड अंतर से जीत दर्ज करेंगी। दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान है।
शुभेंदु बोले- चुनाव कैसे जीता जाता है, पता है
शुभेंदु ने कहा कि चुनाव कैसे कराया व जीता जाता है, वह अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने वहां जुटे लोगों को भरोसा दिलाया कि नंदीग्राम में भाजपा इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। शुभेंदु ने इस दौरान चंद्रनाथ रथ को भी याद किया और हत्याकांड के दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रनाथ का सबसे बड़ा अपराध यही था कि उसने उस समय के विपक्ष के नेता यानी मेरी मदद की थी।
बताते चलें कि बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुभेंदु के नौ मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण से तीन दिन पहले छह मई को उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की सीबीआइ जांच कर रही है।
नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु के इस्तीफे के चलते उपचुनाव हो रहा है। 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था और भवानीपुर सीट बरकरार रखी।
1998 से सक्रिय राजनीति में हैं हासिरानी रथ
नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाई गईं हासिरानी रथ राजनीति में नई नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह 1998 से सक्रिय राजनीति में हैं। वह दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने शुभेंदु को अपने परिवार को अभिभावक बताया।
