विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवोक-रंगपो रेल परियोजना ने रचा इतिहास, 5.3 किमी लंबी टनल T-10 का सफल ब्रेकथ्रू; जून 2028 तक सिक्किम पहुंचेगी ट्रेन

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:37 PM (IST)

शिवोक-रंगपो रेल परियोजना की सबसे लंबी और चुनौतीपूर्ण सुरंग टी-10 का सफल ब्रेकथ्रू हुआ, जिससे परियोजना में सभी सुरंगों की खुदाई पूरी हो गई है। यह उपलब्धि सिक्किम को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लक्ष्य जून 2028 तक पूरा होना है।

सिवोक –रंगपो रेल परियोजना ने रचा इतिहास, टनल टी-10 का सफल ब्रेकथ्रू। प्रतीकात्मक तस्वीर

सिवोक –रंगपो रेल परियोजना ने रचा इतिहास, टनल टी-10 का सफल ब्रेकथ्रू। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. टी-10 सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू, सभी सुरंगों की खुदाई पूरी।

  2. सिक्किम को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी परियोजना।

  3. जून 2028 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित।

जागरण संवाददाता, कालिम्पोंग। शिवोक–रंगपो रेल परियोजना (SRRP) ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में स्थित परियोजना की सबसे लंबी और चुनौतीपूर्ण सुरंग टी-10 का सफलतापूर्वक ब्रेकथ्रू किया गया।

इसके साथ ही पूरी परियोजना में सुरंगों की खुदाई का कार्य संपन्न हो गया है। यह उपलब्धि सिक्किम को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

टनल टी-10 के ब्रेकथ्रू समारोह में नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के जीएम आशीष बंसल, सीएओ हितेंद्र गोयल, सिक्किम के पाकयोंग की जिला अधिकारी परी बिश्नोई, आईआरसीओएन के सलाहकार मोहिंदर सिंह तथा आईआरसीओएन के सीजीएम रेन्या एटे सहित रेलवे, आईआरसीओएन, निर्माण एजेंसी और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

5,300 मीटर लंबी है मुख्य सुरंग

टनल टी-10 की मुख्य सुरंग 5,300 मीटर लंबी है। इसके अलावा इसमें 1,144 मीटर और 412.5 मीटर लंबी दो निकासी सुरंगें (Evacuation Tunnels) भी बनाई गई हैं, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) को मुख्य सुरंग से जोड़ती हैं।

यह सुरंग हिमालय के अत्यंत संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण भूगर्भीय क्षेत्र से होकर गुजरती है। यहां जमीन के ऊपर अधिकतम 800 मीटर तक चट्टानों का भार (Overburden) है तथा क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से भी सक्रिय है। भूगर्भीय जटिलताओं और लंबाई के कारण इसे पूरी परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य माना गया है।

सुरंग निर्माण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) तकनीक का इस्तेमाल किया गया। ऑस्ट्रिया की परामर्शदाता संस्था D2 Consult–PEMS JV ने डिजाइन और निर्माण पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी निभाई, जबकि Cemindia Projects Ltd. (पूर्व में ITD Cementation India Ltd.) तथा आईआरसीओएन के अनुभवी भारतीय इंजीनियरों और सुरंग विशेषज्ञों ने निर्माण कार्य को अंजाम दिया।

कोविड महामारी और कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों ने बढ़ाई चुनौती

टनल टी-10 की खुदाई दिसंबर 2019 में शुरू हुई थी। इसके कुछ ही समय बाद कोविड-19 महामारी और वर्ष 2020 के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण छह महीने से अधिक समय तक निर्माण कार्य बुरी तरह प्रभावित रहा। इसके बाद भी लगभग दो वर्षों तक श्रमिकों की उपलब्धता, परिवहन और निर्माण सामग्री की आपूर्ति में बाधाएं बनी रहीं।

निर्माण के दौरान टीम को कमजोर चट्टानी संरचनाओं और अत्यधिक दबाव वाली जमीन (Squeezing Ground Conditions) जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था और सुरंग की स्थिरता बनाए रखने के लिए निर्माण के दौरान ही सपोर्ट सिस्टम में लगातार बदलाव करने पड़े।

भूगर्भीय स्थितियों का पहले से आकलन करने और निर्माण सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधुनिक टनल सिस्मिक प्रेडिक्शन (TSP) तकनीक का भी व्यापक इस्तेमाल किया गया।

वर्ष 2023 में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की विनाशकारी घटना और इसके बाद एनएच-10 पर बार-बार हुए व्यवधानों ने भी निर्माण सामग्री और भारी मशीनरी की आवाजाही को प्रभावित किया। इसके अलावा रेलवे को वन भूमि सौंपने में देरी सहित कई अन्य बाधाओं का भी सामना करना पड़ा।

इन तमाम चुनौतियों के बावजूद परियोजना टीम की तकनीकी दक्षता, समर्पण और निरंतर प्रयासों से 5 किलोमीटर से अधिक लंबी मुख्य सुरंग तथा लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी निकासी सुरंगों की खुदाई पूरी की गई।

45 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना में 14 सुरंगें और 15 बड़े पुल

शिवोक (पश्चिम बंगाल) से रंगपो (सिक्किम) तक लगभग 45 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना में कुल 14 सुरंगें, 15 बड़े पुल और पांच रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इनमें तीस्ता बाजार स्टेशन भारतीय रेलवे का पहला भूमिगत स्टेशन है।

आईआरसीओएन के अनुसार, टी-10 की खुदाई पूरी होने के साथ परियोजना की सभी सुरंगों में माइनिंग का कार्य संपन्न हो गया है। अब तक 12 सुरंगों में कुल 33.68 किलोमीटर लंबी लाइनिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, 25 किलोमीटर सुरंग क्षेत्र में बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने का कार्य भी पूरा हो चुका है।

जून 2028 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य

जीएम आनंद बंसल ने कहा की यह परियोजना राष्ट्रीय महत्व की प्रतिष्ठित रेल परियोजनाओं में से एक है। इसके पूरा होने से सिक्किम पहली बार भारतीय रेलवे के नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएगा।

वर्तमान में रेलवे स्टेशनों के यार्ड निर्माण और ट्रैक लिंकिंग से संबंधित कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। परियोजना को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार की योजना इस रेल लाइन को दूसरे चरण में गंगटोक तक विस्तारित करने की भी है। इसके लिए रेलवे की ओर से आगे की प्रक्रिया पर तेजी से काम किया जा रहा है।

टनल टी-10 का सफल ब्रेकथ्रू न केवल शिवोक–रंगपो रेल परियोजना के निर्माण में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि सिक्किम को देश के रेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में भी एक ऐतिहासिक पड़ाव है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।