बंगाल: शुभेंदु से मिली एनसीपीआई सांसद शताब्दी राय, महिला आरक्षण विधेयक पर समर्थन का दावा
एनसीपीआई सांसद शताब्दी राय ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में मतदान करने का दावा किया। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले हुई इस मुलाकात ने बंगाल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

HighLights
शताब्दी राय ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की।
महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में मतदान का दावा।
संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बंगाल की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। बीरभूम से तृणमूल कांग्रेस की बागी सांसद और एनसीपीआई का दामन थाम चुकीं शताब्दी राय ने शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के दौरान महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में मतदान करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने सांसद से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत यह दावा किया।
संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले हुई इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शताब्दी राय ने कोलकाता के मैदान स्थित पीडब्ल्यूडी टेंट में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अलीपुर स्थित धनधान्य आडिटोरियम में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सांसद ने महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में मतदान करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि शताब्दी राय महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में वोट देंगी।मुख्यमंत्री के अनुसार, सांसद ने अपने लोकसभा क्षेत्र से जुड़े एक काम के सिलसिले में भी उनसे बातचीत की।
शुभेंदु ने कहा कि उन्होंने मुझसे मिलने का समय मांगा था। मैंने समय दिया था और वह मिलने आई थीं। मैंने उनसे पूछा कि किसे वोट देंगी? उन्होंने कहा कि हम महिला आरक्षण विधेयक के साथ हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना, बताया महिला विरोधी
मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में हैं, वह उनके साथ हैं। उन्होंने कांग्रेस को महिला विरोधी करार दिया।
मुख्यमंत्री के इस बयान को संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले विधेयक को लेकर विपक्ष पर दबाव बनाने की राजनीतिक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले तृणमूल कांग्रेस की सांसद और मुख्यमंत्री के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
बताते चलें कि शताब्दी राय तृणमूल के उन बागी सांसदों में शामिल हैं, जब इस साल बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद ममता बनर्जी का साथ छोड़कर एनसीपीआइ का दामन उन्होंने थाम लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।