विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: शांतिपुर के भांगा रास में राईराजा का दिखा अनूठा स्वरूप, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:43 PM (IST)

नदिया जिले के शांतिपुर में पारंपरिक 'भांगा रास' उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें राईराजा मुख्य आकर्षण रहा। यह अनूठी परंपरा वैष्णव संस्कृति और लोक आस्था का संगम है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. शांतिपुर में पारंपरिक भांगा रास उत्सव का भव्य आयोजन।

  2. राईराजा के रूप में श्रीराधा का अनूठा राजसी दर्शन।

  3. वैष्णव संस्कृति और लोक आस्था का अद्भुत संगम दिखा।

जागरण संवाददाता, नदिया। गुरुवार की रात नदिया जिले के शांतिपुर में प्रसिद्ध पारंपरिक उत्सव 'भांगा रास' का आयोजन हुआ। इस दौरान उत्सव का मुख्य आकर्षण राईराजा रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उमड़े।

शांतिपुर की यह अनूठी परंपरा वैष्णव संस्कृति और लोक आस्था का अद्भुत संगम मानी जाती है। इसमें श्रीराधा को राजा के रूप में सजाकर उनकी आराधना की जाती है। देश में रास उत्सव के दौरान इस तरह राधारानी की राजसी स्वरूप में पूजा की परंपरा दुर्लभ है।

राईराजा के रूप में श्रीराधा को शाही पोशाक, मुकुट और हाथ में तलवार या राजदंड देकर सिंहासन अथवा विशेष पालकी (चतुर्दोला) में विराजमान कराया जाता है। इसके बाद उनकी शोभायात्रा निकाली जाती है। राधा के एक अन्य नाम 'राई' और उनके राजसी स्वरूप के कारण ही उन्हें राईराजा कहा जाता है।

वैष्णव मान्यताओं के अनुसार, राईराजा परंपरा राधा की सर्वोच्चता और उनके मानभंजन की कथा से जुड़ी है। मान्यता है कि श्रीकृष्ण ने राधा का मान रखने के लिए वृंदावन का अधिकार उन्हें सौंप दिया था। इसके बाद राधा वृंदावन की अधीश्वरी के रूप में विराजमान हुईं।

इतिहासकारों के अनुसार, 18वीं शताब्दी में नदिया के महाराजा कृष्णचंद्र राय और शांतिपुर के गोस्वामी एवं जमींदार परिवारों के संरक्षण में इस परंपरा को भव्य स्वरूप मिला। तीन दिवसीय रास उत्सव के अंतिम दिन भांगा रास में विभिन्न मंदिरों और बारोवारी मंडपों के विग्रहों की शोभायात्रा निकाली जाती है।

आगमेश्वरी पाड़ा, राधा मदनगोपाल जीउ के मंदिर और सूत्रागढ़ के राईराजा विशेष आकर्षण रहते हैं। आज भी इस परंपरा को उसी उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।