विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMC कार्यालय से एक करोड़ की बरामदगी पर शमीम अहमद ने उठाये सवाल, CBI जांच के लिए पहुंचे हाई कोर्ट

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:41 PM (GMT+05:30)

मगराहाट पश्चिम के विधायक शमीम अहमद ने दक्षिण 24 परगना में तृणमूल कार्यालय से एक करोड़ रुपये की बरामदगी को ...और पढ़ें

सीबीआई जांच के लिए हाई कोर्ट पहुंचे विधायक (फाइल फोटो)

सीबीआई जांच के लिए हाई कोर्ट पहुंचे विधायक (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विधायक शमीम अहमद ने बरामदगी को पूर्व नियोजित साजिश बताया।

  2. कलकत्ता हाई कोर्ट में सीबीआई जांच की मांग की।

  3. पुलिस पर बयान देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । दक्षिण 24 परगना के सरिषा स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से एक करोड़ दो लाख 79 हजार रुपये की बरामदगी का मामला अब अदालत पहुंच गया है। मगराहाट पश्चिम के विधायक शमीम अहमद ने इस पूरी कार्रवाई को पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। साथ ही अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को छोड़कर ममता तृणमूल के साथ आने के बाद से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

शमीम का कहना है कि बुधवार को उनकी सुरक्षा में तैनात चार जवानों को हटा लिया गया। इसे वह अपनी सुरक्षा घटाने की सामान्य प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि संभावित गिरफ्तारी से पहले दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।

उन्होंने कैनिंग पश्चिम के विधायक परेशराम दास के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए आशंका जताई है कि उनके विरुद्ध भी इसी तरह कदम उठाया जा सकता है।

पुलिस पर बयान देने का दबाव बनाने का आरोप

विधायक ने अपनी याचिका में एक नवंबर की कथित घटना का भी उल्लेख किया है। उनका दावा है कि डायमंड हार्बर थाने के आइसी ने उन्हें फोन कर पुलिस अधीक्षक से मिलने को कहा था।
अगले दिन पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान उन पर डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी और उनके गिरफ्तार आप्त सहायक सुमित राय के खिलाफ बयान देने का दबाव बनाया गया।

हालांकि, उन्होंने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। शमीम का आरोप है कि इसके बाद से ही उन्हें प्रशासनिक कार्रवाई और गिरफ्तारी का भय सता रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वह ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले लोकतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस गुट के विधायक नहीं हैं, बल्कि ममता तृणमूल के साथ हैं। इस संबंध में उन्होंने चुनाव आयोग को हलफनामा भेजने का भी दावा किया है।

सुमित की पत्नी भी उठा चुकी हैं बरामदगी पर सवाल

गौरतलब है कि चार नवंबर को सरिषा स्थित तृणमूल के एक कार्यालय में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर 1,02,79,000 रुपये बरामद किए थे। पुलिस का दावा था कि अभिषेक बनर्जी के आप्त सहायक सुमित राय से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

सुमित उस समय कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में पुलिस हिरासत में थे। इससे पहले सुमित की पत्नी सुष्मिता राय भी हाई कोर्ट में याचिका दायर कर बरामदगी को फंसाने के लिए रची गई साजिश बता चुकी हैं।

उन्होंने सीबीआई जांच अथवा सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में विशेष जांच दल गठित करने की मांग की थी। उनका आरोप था कि सुमित से जबरन स्वीकारोक्ति कराने के लिए पुलिस ने दबाव बनाया।

इस प्रकार अब एक ही बरामदगी को लेकर विधायक और गिरफ्तार आप्त सहायक का परिवार अलग-अलग याचिकाओं के जरिये पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि या अदालत से कोई अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।