ममता का 'समर्थन' कर शमिक का तंज, बोले- बंगाल में दोबारा एसआईआर होने पर और 30 लाख नाम कटेंगे
शमिक भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर तंज कसा।

बंगाल में दोबारा एसआईआर होने पर और 30 लाख नाम कटेंगे।
HighLights
शमिक ने ममता के बयान का समर्थन कर तंज कसा।
बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप।
दोबारा SIR होने पर 30 लाख नाम कटने का दावा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान ‘समर्थन’ करते हुए उन पर तंज कसा है। ममता ने रविवार को दिल्ली में आयोजित रैली में चुनाव आयोग और केंद्र पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि बंगाल में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) गलत तरीके से कराया गया।
इसपर शमिक ने कहा, मैं ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करता हूं। बंगाल में जिस तरीके से एसआईआर हुआ, उसे उचित नहीं ठहराया जा सकता। इस प्रक्रिया के दौरान प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) पर हमले हुए। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल पर हमला किया गया और उनकी गाड़ी से कागजात निकालकर जला दिए गए। एक आंगनबाड़ी कर्मी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। आशा कर्मी के पति को गोली मारी गई। सड़कें अवरुद्ध कर वहां खाना पकाया गया।
दोबारा एसआईआर होने पर और 30 लाख नाम कटेंगे- शमिक
बीडीओ कार्यालय में आगजनी और कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की गई। समाज में प्रतिष्ठित लोगों के नाम जान-बूझकर गलत तरीके से सिस्टम में अपलोड किए गए। बंगाल में दोबारा एसआईआर कराने की जरूरत है। ऐसा होने पर कम से कम 30 लाख और लोगों के नाम कटेंगे।
शमिक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित करने की मांग दोहराई। उन्होंने दिल्ली में ममता का समर्थन करने वाले माकपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी की अंत्येष्टि यात्रा बहुत पहले (पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के समय) ही शुरू हो गई थी, जब ये लोग राज्य सचिवालय जाकर फिश फ्राई खाकर आए थे।