बंगाल में भी चल रही भाजपा की आंधी : शाहनवाज
-कहा इस बार पश्चिम बंगाल से होगा सबसे बड़ा आश्चर्य -तृणमूल को नहीं मिलेगी लूट की छूट
-कहा, इस बार पश्चिम बंगाल से होगा सबसे बड़ा आश्चर्य
-तृणमूल को नहीं मिलेगी लूट की छूट
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पूर्वी क्षेत्र के राज्यों से काफी संख्या में भाजपा की लोकसभा सीटों में इजाफा होने का विश्वास जताया। उन्होंने सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं असम से इस बार पार्टी की काफी सीटें बढ़ेंगी। पूरे देश में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ 400 से ज्यादा सीटों पर विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के साथ चलने का मन बना लिया है। इस बार लोकसभा चुनाव में बंगाल से सबसे बड़ा आश्चर्य होगा। शाहनवाज ने कहा कि उन्होंने जलपाइगुड़ी के धूपगुड़ी से चुनावी प्रचार शुरू किया है। वहा उनकी सभा में जुटी लोगों की भीड़ से साफ पता चला कि राज्य की जनता ने भाजपा के साथ चलने का मन बना लिया है। जैसे उत्तर प्रदेश में भाजपा की आंधी चल रही है, उसी तरह बंगाल में भी भाजपा की आंधी है। पीएम मोदी पर आरोप लगाने वाले विपक्ष निराश हो गए हैं। इधर, पीएम मोदी बंगाल आ रहे हैं जबकि ममता दीदी आंध्र प्रदेश जा रही हैं। जैसे कांग्रेस अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की अमेठी छोड़कर केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने जा रहे हैं उसी तरह तृणमूल भी यह समझ गई है कि बंगाल में अब उनकी दाल गलने वाली नहीं है। इसलिए ममता दीदी भी आंध्र जा रहीं हैं। तृणमूल ने चुनाव के पहले ही पूरी तरह से हार स्वीकार कर ली। भाजपा नेता ने चुनाव आयोग पर भरोसा जताते हुए कहा कि अब बंगाल में तृणमूल के लोग बूथ नहीं लूट पाएंगे। यहां लूट की छूट नहीं मिलेगी। जनता को भी चुनाव आयोग पर भरोसा है। शाहनवाज ने बंगाल में बेरोजगारी, अपराध और सिंडिकेट राज होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि थानों में थानेदार की जगह तृणमूल के नेता एफआइआर खिलते हैं। वे तय करते हैं किसका एफआइआर लिखा जाएगा या किसका नहीं। भाजपा बंगाल की जनता को तृणमूल के जुल्म से मुक्ति दिलाएगी। शाहनवाज ने फिर केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनने का विश्वास जताया।