बंगाल में संकोश नदी का पानी हुआ काला, मरी मछलियों के बाद मिला भालू का शव
अलीपुरद्वार में संकोश नदी का पानी अचानक काला पड़ गया, जिससे बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां और एक भालू ...और पढ़ें

अलीपुरद्वार की संकोश नदी हुई काली (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
संकोश नदी का पानी अचानक काला पड़ गया।
बड़ी संख्या में मरी मछलियां और भालू का शव मिला।
मंत्री ने निरीक्षण किया, प्रशासन ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, अलीपुरद्वार। भूटान में ग्लेशियल लेक फटने के बाद बाढ़ की आशंका के बीच बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में संकोश नदी की स्थिति ने नई चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार देर रात अचानक नदी का पानी काला पड़ गया। इसके साथ ही भूटान की ओर से बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां बहकर आने लगीं।
शनिवार सुबह भी नदी में भारी संख्या में मरी मछलियां देखी गईं। इसी बीच नदी से एक भालू का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में दहशत है।
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह राज्य के पर्यावरण एवं वन मंत्री तथा कुमारग्राम के विधायक मनोज कुमार ओरांव संकोश नदी से सटे गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।
मंत्री ने बताया कि नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है, लेकिन पानी का काला पड़ना और बड़ी संख्या में मछलियों की मौत चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से मरी हुई मछलियां नहीं खाने की अपील की।
अलीपुरद्वार जिला मत्स्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डा. सोमनाथ चक्रवर्ती ने बताया कि नदी का पानी काला होना चिंताजनक है। फिलहाल लोगों को नदी का पानी नहीं पीने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से माइकिंग कर मछलियों की बिक्री रोकने और लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसी बीच शुक्रवार रात कुमारग्राम ब्लाक के उत्तर हल्दीबाड़ी स्थित नेपालीबस्ती इलाके में संकोश नदी में भालू का शव बहता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही कुमारग्राम रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और नदी से शव बरामद किया।
वन विभाग ने भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजाभातखावा स्थित प्रकृति वीक्षण केंद्र भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। वन विभाग की प्राथमिक आशंका है कि भालू का शव भूटान की ओर से तेज बहाव में बहकर आया होगा।
फिलहाल नदी के पानी और मछलियों की जांच के साथ भालू की मौत की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, यह भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।