विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संदेशखाली में तालाब से भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद, TMC नेता शेख शाहजहां के 4 करीबी गिरफ्तार

Published: Sat, 06 Jun 2026 05:33 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jun 2026 06:17 PM (IST)

बंगाल एसटीएफ ने संदेशखाली के मणिपुर इलाके में एक तालाब से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

संदेशखाली में तालाब से भारी मात्रा में हथियार बरामद

संदेशखाली में तालाब से भारी मात्रा में हथियार बरामद

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल एसटीएफ ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली के मणिपुर इलाके में छापामारी कर मछली पालन में इस्तेमाल होने वाले एक तालाब से बड़ी संख्या में आग्नेयास्त्र व कारतूस बरामद किए।

इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी एक समय तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता रहे शेख शाहजहां के करीबी बताए गए हैं।

जांच में पता चला कि जिस तालाब से हथियार बरामद हुए, उसका स्वामित्व पूर्व तृणमूल क्षेत्रीय अध्यक्ष रॉबिन दास व उसके भाई गोपाल दास के पास है। छापामारी की भनक लगते ही दोनों फरार हो गए। एसटीएफ उनकी तलाश में जुटी है।

TMC नेता शेख शाहजहां के करीबी गिरफ्तार

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ ने सबसे पहले शाहजहां के तीन करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर सरबेरिया इलाके के एक परित्यक्त मकान में छापा मारा गया, जहां से पांच आग्नेयास्त्र बरामद किए गए।

इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर मणिपुर गांव में एक अन्य स्थान पर छापेमारी की गई। वहां एक मछली पालन वाले तालाब के अंदर छिपाकर रखे गए 13 और हथियार तथा बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।

इसी दौरान एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों में 10 लंबी बंदूकें और आठछोटे हथियार शामिल हैं। इसके अलावा 56 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

शेख शाहजहां ने बिछाया नेटवर्क

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाहजहां इस पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। हथियारों की खरीद कर उन्हें विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता था। मामले की गहन जांच की जा रही है।

मालूम हो कि जनवरी, 2024 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हुए हमले के मुख्य आरोपित शेख शाहजहां को अगले महीने गिरफ्तार किया गया था। वह तब से न्यायिक हिरासत में है।

संदेशखाली में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे। गांव की महिलाओं समेत स्थानीय लोगों ने शाहजहां और उसके सहयोगियों पर जमीन कब्जाने तथा महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

यह भी पढ़ें- भय, चिंता या नेतृत्व की कमी, सत्ता से हटते ही ममता बनर्जी से क्यों दूर हो रहे TMC के विधायक?