'साधु-संतों पर नहीं आएगी कोई आंच, अपमान किया तो जाओगे सीधा जेल'; बोले CM शुभेंदु
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में अब साधु-संतों को डराया या अपमानित नहीं किया जा सकता, उनका अपमान करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
-1790509597624_m.webp)
बंगाल में अब साधु-संतों को डराया नहीं जा सकता- CM शुभेंदु (फाइल फोटो- PTI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अब साधु-संतों को डराया या उनका अपमान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि समय और शासन दोनों बदल गए हैं और साधु-संत निर्भय होकर गीता पाठ, हनुमान चालीसा और धार्मिक कार्यक्रम कर सकते हैं।
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में 11 हजार कंठों से आयोजित गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि साधु-संतों का अपमान करने या उन्हें डराने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। अपमान करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शुभेंदु ने स्वयं भी गीता के एक अध्याय का पाठ किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि आगामी 29 दिसंबर को कोलकाता में फिर बड़े स्तर पर सामूहिक गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10 लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं।
शुभेंदु ने हाल में बंगाल दौरे पर आए बागेश्वर बाबा से जुड़े हालिया विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साधु-संत सनातन धर्म का प्रचार करेंगे और स्वतंत्र देश में उन्हें इसका अधिकार है।
लोग उनकी बातों को मानने या न मानने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन किसी साधु-संत को डराना या अपमानित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बागेश्वर बाबा की तस्वीर जलाने के मामले में राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया।
बंगाल में लोग अब खुलकर गीता पाठ और हनुमान चालीसा पढ़ें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में लोग अब खुलकर गीता पाठ और गीता वितरण करें, हनुमान चालीसा पढ़ें तथा शंख, मृदंग और खंजनी बजाकर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करें।
उन्होंने साधु-संतों से एकजुट रहने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम से शुभेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। शनिवार को हुगली जिले के श्रीरामपुर की सभा में ममता की ओर से दिए गए 'आजादी' संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें करने वालों को राष्ट्रवादी जनता जवाब देगी।
