विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जादवपुर यूनिवर्सिटी के 'लाल किले' में हुई RSS की ड्रिल, कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

By Jagran NewsEdited By: Amar Kumar Yadav
Published: Wed, 13 May 2026 08:50 AM (IST)

जादवपुर विश्वविद्यालय में पहली बार RSS ने एक घंटे की ड्रिल का आयोजन किया, जिसमें कई कर्मचारियों ने भाग लिया।

जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियां शुरू।

जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियां शुरू।

HighLights

  1. जादवपुर यूनिवर्सिटी में RSS की पहली ड्रिल

  2. स्थायी और संविदा कर्मचारियों ने भाग लिया

  3. वामपंथी गढ़ में RSS का औपचारिक प्रवेश

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कोलकाता स्थित जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार सुबह विश्वविद्यालय परिसर में आरएसएस की प्रभात शाखा ने शारीरिक अभ्यास और योग कार्यक्रम आयोजित किया।

विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब परिसर के भीतर आरएसएस की ओर से इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के मैदान में प्रभात शाखा के सदस्य योगासन और विभिन्न शारीरिक अभ्यास करते दिखाई दिए।

बताया गया कि कार्यक्रम में शामिल सभी लोग विश्वविद्यालय के कर्मचारी हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद से ही भाजपा समर्थित कर्मचारी संगठन पश्चिम बंग विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद परिसर में सक्रिय हो गया है। पिछले सप्ताह संगठन की ओर से घोषणा की गई थी कि, विश्वविद्यालय अब राष्ट्रवादियों के कब्जे में है।

शाखा के नामकरण पर चल रहा विचार

इसके एक सप्ताह के भीतर प्रभात शाखा की शुरुआत को उसी गतिविधि का विस्तार माना जा रहा है। कर्मचारी संगठन के प्रदेश सचिव पलाश माजी ने बताया कि शाखा का अभी नामकरण नहीं हुआ है। हालांकि, माना जा रहा है कि इस शाखा का नाम श्री अरविंद के नाम पर रखा जा सकता है।

वहीं, छह मई को भाजपा समर्थित पश्चिम बंग विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में एक सभा आयोजित की थी, जिसमें हिंदुत्व के समर्थन में नारे लगाए गए थे। साथ ही उग्र वामपंथ को समाप्त करने की चेतावनी भी दी गई थी।

संगठन के सदस्यों ने कहा था कि विश्वविद्यालय परिसर में अति वामपंथी गतिविधियों को सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा और अब विश्वविद्यालय राष्ट्रवादी विचारधारा के अनुसार चलेगा।

पिछले साल रामनवमी का हुआ था आयोजन

इधर, पिछले कुछ समय से परिसर में भाजपा समर्थकों की सक्रियता लगातार बढ़ी है। पिछले साल परिसर में रामनवमी का आयोजन भी शुरू हुआ है, जिसे लेकर विद्यार्थियों के बीच मतभेद भी सामने आए थे। अब सोमवार को भी भाजपा समर्थित कर्मचारी संगठन की ओर से परिसर में एक रैली निकाली गई।

यह भी पढ़ें- यूनेस्को के नाम पर दुर्गा पूजा में 'धोखाधड़ी', ममता बनर्जी के करीबी पर गंभीर आरोप