विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में रोबोटिक सर्जरी से 13 वर्षीय किशोर के दिल का छेद बंद, प्राकृतिक ऊतक का उपयोग

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:35 PM (GMT+05:30)

कोलकाता के नारायणा आरएन टैगोर अस्पताल में 13 वर्षीय किशोर के जन्मजात हृदय दोष (एएसडी) का रोबोटिक सर्जरी से सफल इलाज किया गया।

जटिल हृदय सर्जरी को मिली सफलता

जटिल हृदय सर्जरी को मिली सफलता

HighLights

  1. 13 वर्षीय किशोर के जन्मजात हृदय दोष का सफल इलाज।

  2. रोबोटिक सर्जरी से दिल के छेद को बंद किया गया।

  3. कृत्रिम पैच की जगह शरीर के ऊतक का उपयोग।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। चिकित्सा क्षेत्र में रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल से एक और जटिल हृदय सर्जरी को सफलता मिली है। कोलकाता के मुकुंदपुर स्थित नारायणा आरएन टैगोर अस्पताल के चिकित्सकों ने बिहार के नवादा निवासी 13 वर्षीय किशोर के जन्मजात हृदय दोष को रोबोटिक सर्जरी से ठीक किया है।

उसके दिल के दो ऊपरी कक्षों के बीच मौजूद बड़े छेद को बंद करने के लिए कृत्रिम पैच के बजाय उसके शरीर के ही ऊतक का इस्तेमाल किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, इस न्यूनतम चीरे वाली सर्जरी से दर्द और ऑपरेशन के बाद होने वाली परेशानी कम करने के साथ जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है।

दिल के ऊपरी कक्षों के बीच था बड़ा छेद

किशोर एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट (एएसडी) से पीड़ित था। इस जन्मजात बीमारी में हृदय के दो ऊपरी कक्षों को अलग करने वाली दीवार में छेद होता है। चिकित्सकों के अनुसार, छेद का आकार बड़ा होने के कारण कैथेटर के जरिये डिवाइस लगाकर उसे बंद करना संभव नहीं था। ऐसे में सर्जरी ही एकमात्र विकल्प बचा था।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद ठीक होने में लगने वाले समय और पढ़ाई पर पड़ने वाले असर को लेकर परिवार चिंतित था। कई उपचार विकल्पों पर विचार करने के बाद परिवार ने चिकित्सकीय टीम से चर्चा कर रोबोटिक सर्जरी का विकल्प चुना।

हृदय के आवरण से तैयार किया प्राकृतिक पैच

अस्पताल में कार्डियक एवं रोबोटिक सर्जरी के वरिष्ठ सलाहकार डा. ललित कपूर के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने आपरेशन किया। इसमें हृदय को घेरने वाली दोहरी झिल्ली यानी पेरीकार्डियम के ऊतक का इस्तेमाल छेद बंद करने के लिए किया गया। इस तरह कृत्रिम पैच की जगह मरीज के अपने शरीर के ऊतक से प्राकृतिक पैच तैयार किया गया।

डॉ. कपूर के अनुसार, रोबोटिक तकनीक से छोटे चीरे लगाकर सर्जरी की गई, जिससे आपरेशन के बाद असुविधा कम हुई और तेजी से रिकवरी में मदद मिली। हालांकि, किसी अप्रत्याशित स्थिति के लिए पारंपरिक सर्जरी का विकल्प भी तैयार रखा गया था।

नारायणा हेल्थ समूह के मुख्य परिचालन अधिकारी आर वेंकटेश और नारायणा हेल्थ ईस्ट के निदेशक अभिजीत सीपी ने इसे न्यूनतम चीरे वाली हृदय सर्जरी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।