विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सड़कों का होगा कायाकल्प, गडकरी-शुभेंदु की बैठक में बना 3 साल का मेगा प्लान

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:08 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में सड़क और परिवहन ढांचे में सुधार के लिए तीन साल की व्यापक योजना पर चर्चा की। 

गडकरी-शुभेंदु की बैठक में बना 3 साल का मेगा प्लान। (X- @nitin_gadkari)

गडकरी-शुभेंदु की बैठक में बना 3 साल का मेगा प्लान। (X- @nitin_gadkari)

HighLights

  1. केंद्र-राज्य मिलकर बंगाल में सड़क सुधारेंगे, तीन साल का लक्ष्य।

  2. 8,700 करोड़ की 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास।

  3. दक्षिणेश्वर-बेलूर मठ, कर्सियांग-दार्जिलिंग रोपवे की योजना।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सड़क और परिवहन ढांचे को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अगले तीन वर्षों में व्यापक सुधार की योजना पर काम करेंगे।

सड़क संपर्क मजबूत करने, खराब सड़कों की मरम्मत और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने को लेकर गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बीच यहां अहम बैठक हुई। शाम को राज्य सचिवालय नवान्न में हुई बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव समेत राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इससे पहले दिन में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने राज्य में 8,700 करोड़ रुपये के निवेश वाली 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद शाम को नवान्न में हुई बैठक में राज्य के सड़क और परिवहन ढांचे के विकास की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्र की योजना अगले तीन वर्षों में बंगाल के सड़क नेटवर्क को व्यापक रूप से बेहतर बनाने की है। सड़क निर्माण और रखरखाव में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मानकों के अनुरूप काम करने पर जोर दिया गया। कोलकाता से लेकर राज्य के दूर-दराज के इलाकों तक सड़क संपर्क मजबूत करने की योजना है।

बैठक में खराब हालत वाली सड़कों की पहचान कर उनकी तत्काल मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि लोगों को रोजाना आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। हालांकि, योजना केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित नहीं है। अगले तीन वर्षों में सड़क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशने और बेहतर गुणवत्ता वाला सड़क नेटवर्क विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

धार्मिक और पर्यटन केंद्रों को जोड़ने की तैयारी

सड़क परियोजनाओं के साथ वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। दक्षिणेश्वर से बेलूर मठ के बीच रोपवे बनाने की योजना को खास महत्व दिया जा रहा है। दोनों स्थान धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। रोपवे बनने से इनके बीच आवागमन का एक नया विकल्प उपलब्ध हो सकता है।

इसी तरह उत्तर बंगाल में कर्सियांग से दार्जिलिंग के बीच रोपवे विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। पहाड़ी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नवान्न में हुई बैठक को राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। सड़क निर्माण, मौजूदा सड़कों की मरम्मत, दीर्घकालिक सुधार और वैकल्पिक परिवहन परियोजनाओं को एक व्यापक योजना के तहत आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आने वाले वर्षों में बंगाल में सड़क संपर्क, पर्यटन और परिवहन व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।