विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बेटी का चेहरा आया सामने...' विधायक पद की शपथ लेते समय भावुक हुईं आरजी कर पीड़िता की मां

Published: Wed, 13 May 2026 10:06 PM (IST)

आरजी कर मेडिकल कॉलेज की पीड़िता की मां और पानीहाटी से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने शपथ ली। उन्होंने ...और पढ़ें

भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक रत्ना देबनाथ

भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक रत्ना देबनाथ 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की महिला चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या मामले में न्याय की लड़ाई का चेहरा बनीं पीड़िता की मां तथा भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक रत्ना देबनाथ ने बुधवार को कहा कि विधायक के रूप में शपथ लेना उनकी बेटी को वास्तविक न्याय दिलाने की दिशा में पहला निर्णायक कदम है। हाल में संपन्न चुनाव में उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी सीट से निर्वाचित हुईं रत्ना ने विधानसभा में बांग्ला में विधायक पद की शपथ ली।

रत्ना देबनाथ ने पानीहाटी से विधायक पद की शपथ ली

शपथ लेने के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में रत्ना देबनाथ ने कहा कि इससे पहले उनके जीवन का बड़ा क्षण तब आया था जब वह मंगलवार को नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में शामिल होने के लिए राज्य सचिवालय नवान्न पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में नवान्न अभियान के दौरान उन्हें पुलिस की लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा था। उनका निशाना पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर था।

देबनाथ ने कहा कि यह विडंबना ही है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब जब वह गई थी तो उसी नवान्न के गेट पर तैनात कोलकाता पुलिस के कर्मी मेरे साथ सेल्फी लेना चाहते थे और मुझे अंदर तक लेकर गए।

उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद उनकी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। उन्होंने कहा- मेरी बेटी एक डाक्टर थी और समाज के लिए बहुत कुछ करना चाहती थी, लेकिन उसे उसके कार्यस्थल पर ही इतनी दर्दनाक मौत मिली। अब मैं तब तक नहीं रुकूंगी जब तक इस अपराध के पीछे शामिल सभी लोगों को सजा नहीं मिल जाती।

देबनाथ ने कहा कि वह केवल अपनी बेटी के लिए ही नहीं, बल्कि हर महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने कहा, घर, कार्यस्थल या बाहर- हर जगह महिलाओं को सुरक्षित महसूस होना चाहिए। आरजी कर मामले और ऐसे अन्य मामलों के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

'शपथ लेते समय बेटी का चेहरा आंखों के सामने आ गया'

विधानसभा में शपथ लेने के अनुभव को भावुक बताते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में शपथ लेते समय मेरी बेटी का चेहरा आंखों के सामने आ गया। ऐसा लगा मानो वह मुझे अपनी लड़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित कर रही हो। वह एक बड़े घोटाले के बारे में जानती थी और उसी की शिकार बन गई। हम पूरे घोटाले का पर्दाफाश करेंगे। बंगाल व देश की जनता हमारे साथ है।

पानीहाटी क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों पर उन्होंने कहा कि वाममोर्चा और फिर तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासनकाल में इलाके की नागरिक सुविधाएं लगातार खराब हुईं। चुनाव प्रचार के दौरान लोगों ने उन्हें यही शिकायतें बताईं। उन्होंने कहा कि अब घर की जिम्मेदारियों से कहीं अधिक बड़ी जिम्मेदारी जनता की सेवा की है।

पानीहाटी नगरपालिका में भाजपा की जीत के बाद विकास कार्य ठप होने के आरोपों पर देबनाथ ने कहा कि शपथ ग्रहण से पहले ही उन्होंने नगर निकाय को आश्वस्त किया था कि जनता के हित का कोई काम नहीं रुकेगा।

उन्होंने कहा कि गुरुवार को सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि रत्ना देबनाथ ने पानीहाटी विधानसभा सीट से 87,977 वोट हासिल कर तृणमूल प्रत्याशी को 28,836 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है।