उपचुनाव से पहले बंगाल के रेजीनगर इलाके में धमाका, कंटेनर से बड़ी संख्या में बम बरामद
बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से कुछ सप्ताह पहले नवा पुकुड़िया इलाके में देर शाम एक जोरदार धमाका हुआ

नवा पुकुड़िया इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रेजीनगर विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से कुछ सप्ताह पहले मंगलवार देर शाम नवा पुकुड़िया इलाके में एक जोरदार धमाका हुआ।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इस इलाके में एक कंटेनर से पुलिस ने बड़ी संख्या में बम भी बरामद किए। पुलिस ने बताया कि धमाके की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
धुएं से भरा इलाका
स्थानीय लोगों ने बताया कि देर शाम बेलडांगा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवा पुकुड़िया इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई, जिसके बाद पूरा इलाका धुएं से भर गया। विस्फोट की आवाज सुन लोग उस ओर दौड़े लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि जब धमाका हुआ, तो कुछ अज्ञात लोग तालाब के पास कथित तौर पर बम बना रहे थे। उनके अनुसार, जलाशय के पास एक कंटेनर में बड़ी संख्या में बम रखे गए थे और तेज गर्मी के कारण उनमें विस्फोट की आशंका जताई गई है।
कंटेनर में रखे थे बम
बेलडांगा थाना के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जलाशय के पास एक कंटेनर में कुछ बम रखे गए थे। अधिकारी के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि ऊपर से कंटेनर पर एक ईंट गिरी, जिसके बाद बम फट गए।
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के बहरमपुर संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष मलय महाजन ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्षी दलों का एक धड़ा बम और हथियार जमा कर रहा है।
बताते चलें कि बंगाल की जिन दो सीटों पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं, उनमें रेजीनगर विधानसभा सीट भी शामिल है। दूसरी सीट पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम है।
यह भी पढ़ें- 'बंगाल का उपचुनाव अल्पसंख्यकों के लिए परीक्षा', शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में मांगा समर्थन
