सरकारी राशन की दूसरे राज्यों में तस्करी, बंगाल पुलिस ने किया भंडाफोड़; छह गिरफ्तार
देगंगा पुलिस ने बंगाल सरकार के राशन चावल और गेहूं की दूसरे राज्यों में तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बेलियाघाटा बाजार से करीब 1000 बोरी चावल, 200 बोरी गेहूं और दो ट्रक जब्त कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सरकारी राशन की दूसरे राज्यों में तस्करी का भंडाफोड़।
HighLights
देगंगा पुलिस ने बंगाल राशन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया।
बेलियाघाटा बाजार से एक हजार बोरी चावल, दो सौ बोरी गेहूं जब्त।
दो आंध्र प्रदेश के ट्रक जब्त कर छह तस्करों को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, बारासात। बंगाल सरकार के राशन के चावल और गेहूं की दूसरे राज्यों में तस्करी करने वाले गिरोह का देगंगा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बेलियाघाटा बाजार इलाके में छापेमारी कर करीब एक हजार बोरी राशन का चावल और 200 बोरी गेहूं बरामद किया है। मौके से आंध्र प्रदेश के दो ट्रकों को जब्त करने के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलियाघाटा बाजार इलाके से बंगाल सरकार का लोगो लगे अनाज को आंध्र प्रदेश के ट्रकों के जरिए दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। इसके बाद एसडीपीओ अमीनुल इस्लाम खान के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने छापेमारी की। पुलिस ने छह गोदामों को सील कर दिया है। शासान थाना क्षेत्र में भी एक गोदाम में छापेमारी की गई है।
पुलिस को आशंका है कि स्थानीय बिचौलियों के जरिए लंबे समय से सरकारी राशन के अनाज की खरीद-बिक्री कर उसे दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा था। इसके पीछे बड़े गिरोह का हाथ होने की आशंका है।
गिरफ्तार आरोपित सैफुद्दीन मंडल ने बताया कि वह दो साल से यह कारोबार कर रहा है। बिचौलिए उसके पास सरकारी चावल और गेहूं बेचने आते थे। हालांकि, उसने दूसरे राज्यों में तस्करी से जुड़े होने से इन्कार किया है। पुलिस मामले की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।