पुरुलिया के जंगलों में दिखा दुर्लभ जीव 'मद्रास ट्री श्रू', पेड़ पर दीमक खाते कैमरे में हुआ कैद
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के सिमनी जंगल में एक दुर्लभ स्तनधारी जीव मद्रास ट्री श्रू की मौजूदगी का प्रमाण मिला है। इस खोज ने स्थानीय वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह भर दिया है।
-1795592024526_m.webp)
सिमनी जंगल में पेड़ पर दीमक खाते कैमरे मेंं कैद हुआ दुर्लभ मद्रास ट्री श्रू।
HighLights
पुरुलिया के सिमनी जंगल में दुर्लभ मद्रास ट्री श्रू मिला।
यह खोज स्थानीय वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों को उत्साहित करती है।
सिमनी जंगल की समृद्ध जैव विविधता का यह एक और प्रमाण।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के पुरुलिया जिले के जंगल में एक दुर्लभ स्तनधारी जीव मद्रास ट्री श्रू की मौजूदगी का प्रमाण मिला है। कोटशिला क्षेत्र के जैव विविधता से समृद्ध सिमनी जंगल में इस छोटे स्तनधारी जीव की तस्वीर सामने आई है। स्थानीय वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में इसे लेकर उत्साह है।
पुरुलिया के वन विभाग के डीएफओ अंजन गुहा ने इसे जिले के लिए एक नई उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि सिमनी क्षेत्र की जैव विविधता लगातार सामने आ रही है। यहां नए-नए वन्यजीवों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि जंगल और उनके प्राकृतिक आवास समृद्ध हैं। डीएफओ ने इसके लिए स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की।
मद्रास ट्री श्रू को भारतीय ट्री श्रू भी कहा जाता है। यह देखने में गिलहरी जैसा होता है। इसकी लंबाई करीब 16.5 से 18.5 सेंटीमीटर होती है। इसकी पीठ पर गिलहरी की तरह धारियां होती हैं और चलते समय यह अपनी पूंछ ऊपर की ओर रखता है। मध्य और दक्षिण भारत के पहाड़ी जंगलों में इसकी मौजूदगी पाई जाती है।
पुरुलिया में वन्यजीवों पर शोध करने वाली एक स्वयंसेवी संस्था के अधिकारी श्वेताद्रि भंडारी के अनुसार, 2019 में भारतीय पैंगोलिन के लिए कैमरा ट्रैप लगाने के दौरान पुरुलिया के अयोध्या पहाड़ में पहली बार इस जीव की तस्वीर मिली थी। इसके बाद सुंदरबन के मैंग्रोव जंगलों में भी इसकी मौजूदगी का प्रमाण मिला। अब सिमनी जंगल में तीसरी बार इसका प्रमाण सामने आया है।
चिताबाघ से लेकर हाथियों तक का है बसेरा
सिमनी जंगल में वन्यजीवों की विविधता लगातार सामने आ रही है। यहां चिताबाघ, भालू, हनी बैजर, भारतीय पैंगोलिन, कांकड़ हिरण, जंगली सूअर, जंगली बिल्ली, हनुमान और मोर सहित कई प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां फिशिंग कैट भी दिखाई देती है।
झारखंड से हाथियों के झुंड आकर कई महीनों तक इस क्षेत्र में रहते हैं। वन विभाग के अनुसार, अतीत में इस जंगल में रायल बंगाल टाइगर की मौजूदगी के प्रमाण भी मिले हैं। सिमनी जंगल की जैव विविधता को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुरुलिया और राज्य के वन विभाग को भी गर्व है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।