खराब सड़क, दूषित पेयजल व अवैध पार्किग के खिलाफ भाजपा की रैली
- रैली के दौरान सुचारू रही परिवहन व्यवस्था - आम सेवाओं पर प्रशासन गंभीर नहीं हुआ तो आंदोलन करे
- रैली के दौरान सुचारू रही परिवहन व्यवस्था
- आम सेवाओं पर प्रशासन गंभीर नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी पार्टी
जागरण संवाददाता, हावड़ा : भाजयुमो मंडल तीन के अध्यक्ष राजेश राय के नेतृत्व में सोमवार को एक विरोध रैली निकाली गई, जिसके जरिए शहर की मौलिक सुविधाओं की समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान खींचने की अभिनव कोशिश की गई। टूटी सड़कें, फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण, अवैध पार्किग, दूषित पेयजल समेत मूलभूत सेवाओं से जुड़ी एकाधिक समस्याओं पर पार्टी कार्यकर्ता ने अपना विरोध जताया। हावड़ा का प्रवेश द्वार कहा जाने वाला आइसी बोस रोड (मछली बाजार) में निकली रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथों में बैनर थामे हुए थे। इन बैनरों पर 'सावधान आगे गढ्डे हैं, सड़क की तलाश जारी है', ' सड़क पर बने गढ्डे का आनंद लें, 'कृपया धीरे चले, हावड़ा का विकास सो रहा है' जैसे नारों लिखे गए थे। रैली के दौरान परिवहन व्यवस्था को बाधा नहीं पहुंचाई गई। सड़क के एक किनारे से रैली में शामिल कार्यकर्ता चल रहे थे।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति के सदस्य उमेश राय की भी अहम भूमिका रही।
उल्लेखनीय है कि एक माह पहले भाजयुमो की ओर से सड़क की बदहाली पर सांकेतिक विरोध के तहत सड़क पर बने गढ्डों को भरा गया था। आरोप है कि इसके बाद भी खराब सड़कों की मरम्मत को प्रशासन गंभीर नहीं है। पार्टी ने आम सेवाओं को तत्काल बेहतर करने की अपील की है। ऐसा नहीं होने पर पार्टी की ओर से आंदोलन पर उतरने की चेतावनी दी गई है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सुरेंद्र जैन, नागमणि सिंह, प्रहलाद सिंह, रोहित सिंह, बृजेश सिंह, बजरंग वर्मा, रवि साव, गोपाल गुप्ता, मुन्ना जायसवाल, अमित साव, अविनाश प्रताप सिंह, विशाल सिंह, बिंट्टू प्रसाद, श्रीकात सिंह, विनोद जायसवाल, राजेश साव, कृष्णा वर्मा, गोपाल शर्मा, पंकज राय, सूरज प्रताप सिंह, समरजीत राय, सनी सिंह, मुकेश राय, राजा अहीर, विशाल साहनी, अभिषेक शर्मा समेत अन्य शामिल रहे।