कांथी की घटना पर भाजपा ने जताया धिक्कार
-प्रदेश कार्यालय से जुलूस निकाल कर किया विरोध, जगह-जगह हुआ प्रदर्शन -जुलूस को पुलिस ने ब
-प्रदेश कार्यालय से जुलूस निकाल कर किया विरोध, जगह-जगह हुआ प्रदर्शन
-जुलूस को पुलिस ने बीच में रोका, दर्जनों भाजपाइयों की हुई गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की सभा के बाद बस-ट्रकों में हुई तोड़फोड़ व आगजनी की घटना पर भाजपा ने बुधवार को धिक्कार जताया। घटना के विरोध में महानगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जुलूस निकाले गए एवं राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी की गई। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा मुख्यालय से अपराह्न 3 बजे विशाल जुलूस निकाला गया। इसमें काफी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता झंडे, बैनर एवं पोस्टर लिए हुए शामिल थे। जुलूस की पहली पंक्ति में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकुल राय, प्रदेश महासचिव सायंत बसु, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी, दिनेश पांडेय, राजेश राय सहित अन्य प्रदेश नेता शामिल थे। जुलूस धर्मतल्ला की ओर जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसके पहले ही लेनिन सरणी क्रॉसिंग पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने मौके से करीब 50 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की। पुलिस द्वारा जुलूस को बीच में ही रोक दिए जाने पर भाजपा नेताओं ने रास्ते में सभा की। इस दौरान प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी, महासचिव सायंतन बसु ने मेटाडोर पर खड़े होकर भाषण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांथी में वाहनों में तोड़फोड़ एवं आगजनी के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए। उसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। गौर हो कि कांथी में मंगलवार को अमित शाह की सभा के बाद मंच के समीप खड़े बस-ट्रकों में तोड़फोड़ की गई। कई वाहनों में आग लगा दी गई। आरोप है कि जिन वाहनों से भाजपा कार्यकर्ता सभा में पहुंचे थे, उन्हीं वाहनों में तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना की गई। घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हावड़ा, हुगली सहित विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया।