प्रवासी भारतीय सम्मेलन बनेगा बंगाल के पर्यटन और निवेश का नया लॉन्चपैड, सरकार ने कसी कमर
पश्चिम बंगाल सरकार आगामी प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को पर्यटन और निवेश आकर्षित करने के बड़े अवसर के रूप में देख रही है।

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन से बंगाल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
HighLights
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन से बंगाल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
राज्य में निवेश आकर्षित करने के अवसर तलाशे जा रहे हैं
होटल कारोबारियों से पर्यटन विकास हेतु सुझाव मांगे गए
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में पर्यटन की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और इस क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार आगामी प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को बड़े अवसर के रूप में देख रही है।
सात से नौ जनवरी तक विदेश मंत्रालय के सहयोग से कोलकाता में पहली बार आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के जरिए राज्य सरकार देश-विदेश से आने वाले प्रवासी भारतीयों के सामने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।
इसके लिए पर्यटन विभाग ने होटल कारोबारियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों से सुझाव एवं प्रस्ताव मांगे हैं। राज्य के पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने अपने विभाग को होटल कारोबारियों से बातचीत कर इस आयोजन के दौरान पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए व्यावहारिक योजनाएं तैयार करने को कहा है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली नई सरकार की कोशिश है कि सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रवासी भारतीय केवल कार्यक्रम में भाग लेकर वापस न लौटें, बल्कि बंगाल के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करें। इससे होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और पर्यटन से जुड़े अन्य क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सुंदरबन से दार्जिलिंग तक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान देने की तैयारी
बंगाल में पर्यटन की दृष्टि से काफी विविधता है। यहां एक ओर दार्जिलिंग और डुआर्स के पर्वतीय एवं वन क्षेत्र हैं, तो दूसरी ओर सुंदरबन का मैंग्रोव जंगल, दीघा और मंदारमणि के समुद्री तट तथा कोलकाता की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर्यटकों को आकर्षित करती है। इसके अलावा तारापीठ, गंगासागर, मायापुर और बिष्णुपुर जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थल भी महत्वपूर्ण हैं।
राज्य सरकार इस आयोजन के माध्यम से इन पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना चाहती है।
इसके लिए होटल उद्योग से बेहतर आवास व्यवस्था, पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज, परिवहन सुविधा और पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार से जुड़े सुझाव लिए जा रहे हैं।
यदि प्रवासी भारतीयों के लिए विशेष पर्यटन पैकेज तैयार किए जाते हैं तो सम्मेलन के बाद भी राज्य में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है।
पर्यटन के साथ निवेश आकर्षित करने पर भी नजर
इस आयोजन का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि राज्य में निवेश की संभावनाओं को भी सामने लाना है। होटल, रिसार्ट, परिवहन, पर्यटन सेवाओं और आतिथ्य क्षेत्र में निवेश के लिए प्रवासी भारतीयों और अंतरराष्ट्रीय कारोबारियों को आकर्षित करने की संभावना तलाशी जा रही है।
राज्य सरकार चाहती है कि सम्मेलन के दौरान बंगाल की औद्योगिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी क्षमताओं को एक साथ प्रस्तुत किया जाए। पर्यटन क्षेत्र में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
खासकर सुंदरबन, दीघा, दार्जिलिंग, डुआर्स और धार्मिक पर्यटन स्थलों के आसपास होटल, होम-स्टे और अन्य सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को भी लाभ मिल सकता है।
अब नजर इस बात पर है कि होटल कारोबारियों और पर्यटन उद्योग से मिले सुझावों के आधार पर सरकार सम्मेलन के लिए किस तरह की ठोस कार्ययोजना तैयार करती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।