बंगाल: 'कुणाल घोष से कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई', 24 घंटे में ही बदला सांसद प्रसून बनर्जी का रुख
हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी ने कुणाल घोष के साथ राजनीतिक बातचीत की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट ...और पढ़ें

सांसद प्रसून बनर्जी ने कुणाल घोष से राजनीतिक बातचीत से किया इनकार (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी के मैं फिर लौटूंगा वाले बयान के बाद उनके ममता तृणम कांग्रेस में संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच 24 घंटे में ही उन्होंने अपना रुख बदल लिया है। शनिवार को उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष के साथ हुई मुलाकात में उनकी कोई राजनीतिक बातचीत नहीं हुई थी।
प्रसून बनर्जी ने अपने सांसद लेटरहेड पर बयान जारी कर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए दावा किया कि शुक्रवार को दिग्गज कांग्रेस नेता प्रियरंजन दासमुंशी की स्मृति सभा में दोनों के बीच केवल शिष्टाचारवश बातचीत हुई थी और कुछ लोग इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
बनर्जी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में कुणाल घोष समेत कई विशिष्ट लोग मौजूद थे। कुणाल उनके पास ही बैठे थे और दोनों के बीच सामान्य शिष्टाचार की बातचीत हुई। इस दौरान प्रियरंजन दासमुंशी को लेकर भी चर्चा हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बीच किसी तरह की राजनीतिक बातचीत नहीं हुई। ऐसी खबरें पूरी तरह गलत हैं।
'मैं फिर लौटूंगा' बयान से शुरू हुई थी अटकलें
दरअसल, शुक्रवार को मध्य कोलकाता के बीबीडी बाग इलाके में आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में प्रसून बनर्जी और कुणाल घोष साथ बैठे नजर आए थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रसून ने कहा था कि खेल के मैदान में मैंने कई बार टीम बदली है। अभी एक राजनीतिक दल में जरूर हूं, लेकिन मैं फिर लौटूंगा।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी ममता बनर्जी की अगुवाली वाली तृणमूल कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।
मालूम हो कि बंगाल में मई में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद पूर्व फुटबालर प्रसून बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआइ का दामन थामा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।