कोलकाता में आग लगने की घटनाओं को लेकर पुलिस आयुक्त सख्त, सूचना मिलते ही पहुंचने के निर्देश
कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से न लेने वाले थाना प्रभारियों पर सख्त रुख अपनाया है।

कोलकाता में आग की घटनाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी। (फाइल फोटो।)
HighLights
आग लगने की सूचना पर तत्काल पहुंचें घटनास्थल।
कोलकाता पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश।
निर्देश न मानने पर होगी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। महानगर में आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेने और घटनास्थल पर पहुंचने में देरी करने वाले थाना प्रभारियों (ओसी) को लेकर लालबाजार ने सख्त रुख अपनाया है। अब शहर में कहीं भी आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित थाने के ओसी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचना होगा।
इस संबंध में कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने सभी थानों के ओसी को स्पष्ट निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्देश का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर पहुंचने में देरी
जानकारी के अनुसार, हाल के महीनों में महानगर में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। लालबाजार के अधिकारियों ने पाया है कि कई मामलों में संबंधित थानों के ओसी आग लगने की सूचना मिलने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचते।
कुछ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचने में काफी देरी करते हैं, जबकि कई बार छोटी आग की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता। ऐसी स्थिति में ड्यूटी ऑफिसर और कांस्टेबलों के भरोसे ही पूरी जिम्मेदारी छोड़ दी जाती है।
इसका असर राहत और बचाव कार्य पर भी पड़ता है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आग की स्थिति और उसकी गंभीरता के संबंध में पूरी जानकारी नहीं होती। साथ ही अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय में भी परेशानी आती है। कई बार जरूरत के मुताबिक दमकल की गाड़ियां पहुंचने में देरी होती है, जिससे आग फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
किसी भी घटना को हल्के में न लेने के निर्देश
इसी को देखते हुए कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने सभी थानों के ओसी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि आग लगने की किसी भी घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा। थाने में आग लगने की सूचना मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर को तत्काल ओसी को इसकी जानकारी देनी होगी।
इसके बाद ओसी को बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना होगा और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कदम उठाने होंगे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दमकल की गाड़ियां भेजने के लिए भी समन्वय करना होगा, ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके।
पुलिस आयुक्त ने साफ कर दिया है कि आग छोटी हो या बड़ी, संबंधित थाने के ओसी की घटनास्थल पर मौजूदगी अनिवार्य होगी। निर्देश की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बंगाल में 1.65 करोड़ महिलाओं खाते में कब आएगी अन्नपूर्णा योजना की किस्त? सीएम शुभेंदु ने दिया अपडेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।