'अंग व कलिंग ने कमल खिलाया, अब बंग की बारी है', पीएम मोदी का बंगाल की जनता के नाम पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार समाप्त होने पर राज्य के लोगों को एक खुला पत्र और ऑडियो संदेश जारी किया।
HighLights
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को पत्र लिखा।
'विकसित बंगाल' बनाने का अपना विजन दोहराया।
29 अप्रैल को रिकॉर्ड मतदान की अपील की।
राजीव कुमार, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को बंगाल में भाजपा की जीत का पूर्ण भरोसा जताते हुए कहा कि बीते समय में बिहार व ओडिशा (अंग व कलिंग) ने कमल खिलाया है और अब बंग की बारी है। बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन कोलकाता से सटे उतर 24 परगना जिले के बैरकपुर में अपनी आखिरी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा राज्य में अगली सरकार बनाएगी। मोदी ने कहा कि अतीत में जब भारत समृद्ध था, उस समय इसके तीन मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा। आज भारत विकसित होने के लक्ष्य के साथ जब आगे बढ़ रहा है तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना जरूरी है। यह बंगाल के साथ-साथ पूर्वी भारत का भाग्य बदलने का चुनाव है। बंगाल में मैं जहां-जहां भी गया हूं और जनता का जो मिजाज देखा है, इस विश्वास के साथ वापस जा रहा हूं कि चार मई के नतीजों के बाद भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे फिर आना ही है। कहा कि अंग-बंग-कलिंग यानी त्रिशक्ति का भरोसा भाजपा पर है।
बंगाल को बचाना मेरी नियति
उन्होंने सत्तारूढ़ टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए उस पर सिंडिकेट राज चलाने, राजनीतिक हिंसा करने और आर्थिक पिछड़ेपन का आरोप लगाया। बैरकपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए, कहा कि इस भूमि ने 1857 में भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और अब यह बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन का आधार तैयार कर रही है। बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित रखना और उसे बचाना मेरी नियति और कर्तव्य है।
देश की जनता ही मेरा परिवार
मोदी ने कहा कि जब से मैंने अपना घर छोड़ा है, मुझे आप सभी के बीच रहने में सुख मिलता है। देश की जनता ही उनका परिवार है। मैं पिछले 3-4 दशकों से देश के कोने-कोने में जाता रहा हूं। राजनीति व भाजपा में आने के बाद, एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी काम कहती है, वो मैं करता हूं। मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं, चल पड़ता हूं। जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था तब उन्होंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। इस चुनाव में मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी किसी देवी मंदिर के दर्शन के समय होती है। इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा लगाव है।
मिलें बंद हो रही, कच्चे बम के कारखाने खुल रहे
मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने अपने मूल नारे मां, माटी, मानुष तक को भुला दिया, जिसके सहारे वह सत्ता में आई थी। टीएमसी के पास राज्य के विकास के लिए कोई दूरदृष्टि नहीं है, न ही उसने 15 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। राज्य में उद्योग बंद हो रहे हैं जबकि अपराधियों के गिरोह फल-फूल रहे हैं। एक तरफ यहां मिलें (फैक्ट्रियां) बंद हो रही हैं तो दूसरी तरफ कच्चे बम बनाने के कारखाने खुल रहे हैं, जिनमें गुंडों को काम पर रखा जा रहा है और टीएमसी का सिंडिकेट फैल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ताधारी दल पर शासन करने के बजाय गाली-गलौज और धमकियों का सहारा लेने का आरोप लगाया। कहा कि टीएमसी का एकमात्र फार्मूला है- गाली-गलौज करना, धमकियां देना और झूठी बातें फैलाना। टीएमसी के महा-जंगलराज को हराना ही होगा। वंदे मातरम, गुलामी से मुक्ति का मंत्र बना था। 21वीं सदी में वंदे मातरम को हमें बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना है।
भाजपा जनता जनार्दन और कानून का राज लाएगी
पीएम ने भरोसा दिलाया कि भाजपा यहां जनता जनार्दन व कानून का राज लाएगी। कहा- आप यहां भाजपा का मुख्यमंत्री बनाइए और डबल इंजन का डबल लाभ पाइए। जनसभा के बाद पीएम ने बैरकपुर में रोड शो भी किया।
पीएम ने बंगाल के लोगों के नाम लिखा खुला पत्र
इस बीच अंतिम चुनावी जनसभा के बाद पीएम ने बंगाल के लोगों के नाम दो पेज का एक खुला पत्र लिखा है और आडियो संदेश के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। पत्र में मोदी ने विकसित बंगाल का विजन पेश किया। मोदी ने एक्स पर इसे साझा करते हुए कहा कि बंगाल के पूरे चुनाव अभियान के दौरान मुझे अपने परिवारजनों का जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने एक नई ऊर्जा से भर दिया है। यहां की युवा शक्ति हो या नारी शक्ति, हमारे किसान भाई-बहन हों, श्रमिक या फिर कारोबारी, सभी विकसित बंगाल के लिए संकल्पित हैं। पीएम ने लिखा- बंगाल के मेरे परिवारजनों, लोकतंत्र के महोत्सव में भाजपा की विजय का ध्वज फहराने का सुनहरा अवसर आपके सामने है। मुझे विश्वास है कि 29 अप्रैल को आप मतदान का नया रिकार्ड बनाएंगे। पीएम ने कहा कि बंगाल का हर नागरिक, हर परिवार एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है- अब परिवर्तन करना है। भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए। बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, ये मेरा दायित्व है।
