उत्तर बंगाल से चुनावी बिगुल फूंकेंगे पीएम मोदी, पांच अप्रैल को अलीपुरद्वार में पहली रैली संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अप्रैल को उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार से पश्चिम बंगाल में अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे। यह ...और पढ़ें

पीएम मोदी उत्तर बंगाल से चुनावी बिगुल फूंकेंगे । (पीटीआई)
HighLights
पीएम मोदी 5 अप्रैल को अलीपुरद्वार में रैली करेंगे।
उत्तर बंगाल भाजपा का मजबूत चुनावी क्षेत्र माना जाता है।
ममता बनर्जी ने भी यहीं से प्रचार शुरू किया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के करीब दो हफ्ते बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही राज्य में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे और इसकी शुरुआत उत्तर बंगाल से करेंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी पांच अप्रैल को उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में पहली चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान वह आसपास के विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में भी प्रचार करेंगे, जिनमें अलीपुरद्वार से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण लिंबू शामिल हैं।
उत्तर बंगाल भाजपा का सबसे मजबूत क्षेत्र
बताते चलें कि राज्य में उत्तर बंगाल भाजपा का सबसे मजबूत क्षेत्र माना जाता है। 2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने यहां शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि बाद के लोकसभा चुनाव में पार्टी वह बढ़त बरकरार नहीं रख सकी और तृणमूल कांग्रेस ने कई सीटों पर वापसी की।
इस पृष्ठभूमि में पीएम मोदी का उत्तर बंगाल से प्रचार शुरू करना रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पार्टी यहां अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने और खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में है।
बताते चलें कि पीएम मोदी इससे पहले चुनाव की घोषणा से एक दिन पहले बीते 14 मार्च को बंगाल के दौरे पर आए थे और उन्होंने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड मैदान में भाजपा की राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा के समापन पर आयोजित मेगा रैली को संबोधित किया था।
तृणमूल भी पूरी ताकत के साथ मैदान में
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में है। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी हाल में उत्तर बंगाल से ही अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी। ऐसे में उत्तर बंगाल दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का रणक्षेत्र बन गया है, जहां अपनी सीटें बचाने के साथ बढ़त बनाना भी बेहद अहम होगा।
