विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को कोलकाता में सरकारी परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:27 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कोलकाता का दौरा कर सकते हैं, जहां वे सरकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास ...और पढ़ें

21 नवंबर को बंगाल आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी (फाइल फोटो)

21 नवंबर को बंगाल आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पीएम मोदी का 21 नवंबर को कोलकाता दौरा प्रस्तावित है।

  2. कोलकाता मेट्रो ऑरेंज लाइन के विस्तार का उद्घाटन संभव है।

  3. दौरा मुख्य रूप से सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रहेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने बंगाल के दौरे पर आ सकते हैं। प्रदेश भाजपा के सूत्रों के अनुसार, 21 नवंबर को उनका कोलकाता आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान वह राज्य में कुछ सरकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर सकते हैं। इनमें कोलकाता मेट्रो की आरेंज लाइन के बेलेघाटा से साल्टलेक सेक्टर पांच तक के विस्तारित हिस्से का उद्घाटन प्रमुख है।

हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं हुई है। पीएम के 21 नवंबर को कोलकाता आने और आरेंज लाइन के विस्तारित हिस्से का उद्घाटन करने की खबरों पर मेट्रो प्रशासन ने अनभिज्ञता जताई है।

कोलकाता मेट्रो रेलने ने शुक्रवार शाम एक बयान जारी कर कहा कि मीडिया के एक वर्ग में खबरें चल रही हैं कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर 2026 को बेलेघाटा से आइटी सेंटर तक आरेंज लाइन मेट्रो के खंड का उद्घाटन करने के लिए कोलकाता आ रहे हैं, हालांकि हमें ऐसी किसी योजना की जानकारी नहीं है।

दूसरी ओर, भाजपा सूत्रों का कहना है कि पीएम का इस बार का दौरा मुख्य रूप से सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रहेगा। किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की फिलहाल योजना नहीं है।

पांच महीने में तीसरी बार बंगाल आएंगे प्रधानमंत्री

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री मोदी नौ मई को कोलकाता आए थे। उस दिन भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। इसके बाद 20 जून को उन्होंने तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में हिस्सा लिया था, जबकि 21 जून को कोलकाता के रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

अब करीब पांच महीने बाद उनके फिर से बंगाल आने की संभावना है। इधर, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को बांकुड़ा जिले के रायपुर में बांदना पर्व के कार्यक्रम के दौरान घोषणा की थी कि वह 21 नवंबर को पुरुलिया जाएंगे। वहां जंगलमहल क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने की उनकी योजना थी।

लेकिन शुक्रवार को प्रदेश भाजपा को प्रधानमंत्री के संभावित बंगाल दौरे की जानकारी मिली। ऐसे में यदि प्रधानमंत्री का दौरा 21 नवंबर को ही होता है, तो मुख्यमंत्री का पुरुलिया दौरा आगे बढ़ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।