बंगाल चुनाव: कल कोलकाता में पीएम मोदी की मेगा रैली, 5 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा की 'परिवर्तन संकल्प रैली' को संबोधित करेंगे। ...और पढ़ें

पीएम मोदी ब्रिगेड मैदान में मैगा रैली को करेंगे संबोधित।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को कोलकता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा की एक मेगा परिवर्तन संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। चुनाव से पहले भाजपा द्वारा बंगाल में एक से 10 मार्च तक आयोजित लगभग 5,000 किलोमीटर लंबी राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा के समापन के उपलक्ष्य में यह मेगा रैली होने जा रही है।
इस दौरान पीएम राज्य में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़ी लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पीएम का बंगाल का यह पहला दौरा होगा।
ब्रिगेड सभा से पीएम बंगाल की जनता को क्या संदेश देते हैं, इसपर सभी की निगाहें टिकी हैं। इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए बंगाल भाजपा ने व्यापक तैयारियां की है।
पीएम की ब्रिगेड रैली में सभी पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे- सुवेंदु
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दावा किया कि इस बार पीएम की ब्रिगेड रैली में सभी पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे और पांच लाख से भी अधिक लोग शामिल होंगे। पूरा प्रदेश भाजपा नेतृत्व पीएम की रैली को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे हुए हैं। सुवेंदु ने कहा कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राज्य भाजपा के प्रभारी सुनील बंसल व मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री व बंगाल के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह चुनाव प्रभारी बिप्लब देब और आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय भी पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
2019 के लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता और 2021 के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हाल के वर्षों में पार्टी के सबसे बड़े राज्यव्यापी जन-संपर्क अभियान के तौर पर देखा जा रहा है। यात्रा ने पूरे राज्य में करीब 5,000 किलोमीटर का सफर तय किया और 237 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया। मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब चुनाव आयोग दो-तीन दिनों में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है।
दक्षिणेश्वर मंदिर के मॉडल पर बनाया गया है मुख्य मंच
बंगाल में राजनीतिक दलों के लिए शक्ति प्रदर्शन का केंद्र ब्रिगेड मैदान में पीएम की इस रैली को ऐतिहासिक बनाने व लोगों को आकर्षित करने के लिए भाजपा ने इस बार कई नई पहल की है। मुख्य मंच, जहां से पीएम रैली को संबोधित करेंगे, उसे दक्षिणेश्वर मंदिर के मॉडल पर बनाया गया है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पहली बार मुख्य मंच के सामने तार की जाली के मजबूत बैरिकेड लगाए गए हैं। वहीं, भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशाल ब्रिगेड मैदान में 64 ब्लॉक बनाए गए हैं।
