कोलकाता: बंगाल चुनाव से पहले पीएम मोदी खोलेंगे खजाना, 14 मार्च को 18,680 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वे लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
-1773327124080_m.webp)
18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
HighLights
18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
सड़क, बंदरगाह और रेलवे क्षेत्रों में बड़े सुधार होंगे।
खड़गपुर-मोरग्राम गलियारा, हल्दिया डॉक आधुनिकीकरण प्रमुख परियोजनाएं।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मार्च यानी शनिवार को बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़ी लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंग। प्रधानमंत्री के इस दौरे का मुख्य फोकस सड़क, बंदरगाह और रेलवे क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाना है।
सड़क नेटवर्क में बड़ा विस्तार
प्रधानमंत्री 16,990 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारा है। 231 किलोमीटर लंबे इस फोर-लेन कारिडोर से खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच की दूरी 120 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रा के समय में करीब आठ घंटे की बचत होगी। इसके अलावा एनएच-14 पर दुबराजपुर बाईपास और कांगशबती व शिलाबती नदियों पर नए पुलों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
बंदरगाहों का आधुनिकीकरण
समुद्री व्यापार को गति देने के लिए पीएम मोदी हल्दिया डाक काम्प्लेक्स के बर्थ नंबर दो के मशीनीकरण और खिदिरपुर डाक्स के जीर्णोद्धार का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, कोलकाता नदी तट के संरक्षण और एक नए रिवर क्रूज टर्मिनल के निर्माण की भी योजना है, जिससे राज्य में नदी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे: नई ट्रेन और हाई-टेक स्टेशन
रेल क्षेत्र में पीएम मोदी पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अतिरिक्त, 'अमृत स्टेशन योजना' के तहत पुनर्विकसित छह रेलवे स्टेशनों (हल्दिया, सिउरी आदि) का उद्घाटन और बेल्दा-दंतान के बीच तीसरी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की जाएगी। ये परियोजनाएं न केवल यात्रा को सुगम बनाएंगी, बल्कि पूर्वी भारत में आर्थिक विकास के नए द्वार खोलेंगी।
