Move to Jagran APP

Mann Ki Baat: पीएम मोदी रविवार को बंगाल के मछुआरों से करेंगे मन की बात, सुनेंगे समस्याएं

कांथी सांगठनिक जिला भाजपा (BJP) के उपाध्यक्ष असीम मिश्रा ने कहा हमें बहुत गर्व है कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के दौरान राज्य के एकमात्र समुद्र तट शहर दीघा के मछुआरों से वर्चुअल माध्यम से बात करेंगे।

By Jagran NewsEdited By: Shashank MishraSat, 25 Mar 2023 07:26 PM (IST)
Mann Ki Baat: पीएम मोदी रविवार को बंगाल के मछुआरों से करेंगे मन की बात, सुनेंगे समस्याएं
पीएम मोदी से बात करने को लेकर दीघा के मछुआरे हैं काफी उत्साहित

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम में बंगाल के मछुआरों की समस्याएं भी सुनेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मन की बात में राज्य के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दीघा के मछुआरों से बात करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस खबर के बाद समुद्री शहर दीघा के मछुआरों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

दीघा के मछुआरों से करेंगे पीएम मोदी बात

रेडियो पर मन की बात का यह कार्यक्रम 26 मार्च को सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा, जिसमें पीएम देश के 12 राज्यों के लोगों के फायदे और नुकसान सुनेंगे। इसमें बंगाल से एकमात्र पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तट शहर दीघा के मछुआरों से वे बात करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। इससे दीघा के मछुआरों के साथ राज्य के भाजपा खेमे में स्वाभाविक रूप से खुशी का माहौल है। कांथी सांगठनिक जिला भाजपा के उपाध्यक्ष असीम मिश्रा ने कहा, हमें बहुत गर्व है कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के दौरान राज्य के एकमात्र समुद्र तट शहर दीघा के मछुआरों से वर्चुअल माध्यम से बात करेंगे। मछुआरे काफी उत्साहित हैं।

पीएम मोदी का 100वां मन की बात कार्यक्रम

मछुआरों का कहना है उनके बारे (पीएम मोदी) में अभी तक सुना था, लेकिन अब बात करने का मौका मिल रहा है। इससे वे लोग बहुत ही उत्साहित हैं। भाजपा ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जोर-शोर से जुट गई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह पीएम मोदी का 100वां मन की बात कार्यक्रम है। इसलिए यह कई मायने में विशेष है। मन की बात में प्रधानमंत्री मुख्य रूप से देशवासियों की राय और देश व समाज के विकास, उपलब्धियों आदि के बारे में अपनी राय व्यक्त करते हैं।