विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फसल बीमा लाभ के नियम बदले, 72 घंटे में देनी होगी सूचना

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:25 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना देनी होगी, अन्यथा बीमा दावे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

यह फोटो AI द्वारा बनाई गई है।

यह फोटो AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. ओलावृष्टि से फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें।

  2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मिलेगा लाभ।

  3. ऐप, पोर्टल या हेल्पलाइन से दर्ज कराएं शिकायत।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के कई जिलों में बेमौसम ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका के बीच राज्य सरकार ने किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में आने वाले जिन किसानों की फसल ओलावृष्टि से बर्बाद हुई है, उन्हें घटना के 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना दर्ज करानी होगी। निर्धारित समय में सूचना नहीं देने पर बीमा दावे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

72 घंटे के भीतर फसल नुकसान की सूचना

राज्य के कृषि निदेशक कार्यालय की ओर से इस संबंध में जिलों के अधिकारियों को अधिसूचना जारी की गई है। इसमें जिला कृषि विभाग के उपनिदेशकों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित किसानों तक 72 घंटे के भीतर फसल नुकसान की सूचना देने के नियम की जानकारी पहुंचाएं। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र किसान बीमा योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

एप और हेल्पलाइन से दर्ज कराएं नुकसान की सूचना

कृषि विभाग के निर्देश के मुताबिक, प्रभावित किसान क्राप इंश्योरेंस एप के माध्यम से फसल नुकसान की सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 14447 पर भी इसकी जानकारी दर्ज कराई जा सकती है। सूचना देते समय किसान को अपनी बीमा आवेदन संख्या, प्रभावित फसल और नुकसान वाले खेत का विवरण उपलब्ध रखना चाहिए।

ओलावृष्टि से नुकसान भी बीमा के दायरे में

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दिशा-निर्देशों में ओलावृष्टि से होने वाले स्थानीय फसल नुकसान को बीमा सुरक्षा के दायरे में रखा गया है। ऐसे मामलों में व्यक्तिगत खेत के स्तर पर नुकसान का आकलन किया जाता है। इसके लिए राज्य सरकार और संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति आकलन करती है। हालांकि, बीमा का लाभ योजना की निर्धारित शर्तों और पात्रता के आधार पर ही मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।