खिड़की में दरार आने पर बीच आकाश से लौटा विमान
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को खिड़की के शीशे में दरार आने के बाद इंडिगो एयरलाइन की आपात लैंडिंग करवाई गई।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को खिड़की के शीशे में दरार आने के बाद इंडिगो एयरलाइन की आपात लैंडिंग करवाई गई। विमान में सवार सभी 168 यात्री और क्रू मेंबर सही सलामत हैं। इंडिगो अधिकारियों ने बताया कि विमान उड़ान भरने योग्य नहीं था। इस लिए विकल्प व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दिन सुबह 9.41 बजे इंडिगो एयरलाइन का 6ई 345 बोइंग विमान कोलकाता एयरपोर्ट बेंगलुरू के लिए उड़ान भरा। सुबह 10.15 बजे बीच रास्ते में ही पहुंचा था कि पायलट की नजर विमान की खिड़की में अचानक आए दरार पर पड़ी।
पायलट ने संयम व समझदारी दिखाते हुए कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। एटीसी ने किसी तरह का जोखिम न लेते हुए पायलट तो तुरंत विमान वापस लाने का निर्देश दिया। साथ ही एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग की व्यवस्था कराई गई।
सुबह 10.34 बजे विमान वापस कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा, जिसकी सही सलामत लैंडिंग करवाई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। बाद में विकल्प व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य को रवाना किया गया।
गौरतलब हो कि कोलकाता एयरपोर्ट पर इसी तरह की आपात लैंडिंग की घटना गत छह मई को हुई थी। सिंगापुर एयरलाइन्स का विमान के कोलकाता एयरपोर्ट से गुजरने के दौरान उसके लैंडिंग गियर में समस्या देखने को मिली। विमान में 200 यात्री सवार थे। तब पायलट ने एटीसी से संपर्क कर आपात लैंडिंग की इजाजत मांगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विमान के उतरने की व्यवस्था की गई थी।