शॉपिंग मॉल में स्तनपान के लिए निर्धारित करना होगा स्थान
कई महिलाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया और महानगर के सभी शॉपिंग मॉल में स्तनपान के लिए कक्ष बनाने को कहा गया था। इसके बाद कोलकाता नगर निगम ने स्तनपान के लिए कक्ष की पहल की है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। महानगर के एक शॉपिंग मॉल में अपने नवजात शिशु को स्तनपान कराने के लिए महिला को शौचालय जाना पड़ा था, इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। हंगामे को देखते हुए कोलकाता नगर निगम ने महानगर के सभी शॉपिंग मॉल में स्तनपान सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशिका जारी करने का निर्णय लिया है।
निगम के वरिष्ठ सूत्रों के हवाले से इसकी पुष्टि की गई। बताया गया कि निगम जल्द शहर में सभी शॉपिंग मॉल को स्तनपान की सुविधा विकसित करने के लिए निर्देश जारी करेगा। सभी मौजूदा मॉलों में ऐसी सुविधाएं स्थापित करनी होंगी, जहां माताएं अपने बच्चों को दूध पिला सकें। भविष्य में स्थापित होने वाले मॉल को इमारत निर्माण प्लान को सहमति लेने के लिए उसमें स्तनपान के लिए अलग से जगह निश्चित तौर पर बनाना होगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में प्रिंस अनवर शाह रोड स्थित साउथ सिटी मॉल में सात सप्ताह के नवजात शिशु को लेकर एक महिला शॉपिंग करने पहुंची थी। मॉल में बच्चा दूध पीने के लिए रोने लगा था लेकिन स्तनपान के लिए निर्दिष्ट कक्ष नहीं होने की वजह से महिला को काफी परेशान होना पड़ा था। उसने मॉल में तैनात कर्मचारियों से स्तनपान के लिए जगह बताने को कहा था।
इसपर मॉल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि वह चाहे तो शौचालय में जाकर बच्चे को स्तनपान करा सकती हैं। इसके अलावा उन्हें यह भी सुझाव दिया गया कि वह बच्चे को घर पर ही दूध पिलाकर शॉपिंग मॉल में आएं। मजबूर होकर महिला शौचालय में भी गई थी बच्चे को दूध पिलाने के लिए लेकिन वहां इतनी अधिक दुगर्ंध थी कि वह बच्चे को दूध नहीं पिला सकी। इसका जिक्र जब दूसरे दिन उन्होंने साउथ सिटी मॉल के फेसबुक पेज पर किया, तब मॉल प्रबंधन की ओर से उनका मजाक बनाया गया था।
उसके बाद पूरे देश में यह मामला सुर्खियों में छा गया था और अंत में शॉपिंग मॉल प्रबंधन को माफी मांगनी पड़ी थी। इसके बाद कई महिलाओं ने इस घटना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था और महानगर के सभी शॉपिंग मॉल में स्तनपान के लिए कक्ष बनाने को कहा गया था। इसके बाद कोलकाता नगर निगम ने यह पहल की है।