विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: ग्रुप डी भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी को बड़ी राहत, सरेंडर के बाद 6 शर्तों पर मिली जमानत

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:08 PM (GMT+05:30)

पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को बंगाल के ग्रुप डी भर्ती घोटाले में अलीपुर सीबीआई अदालत से छह शर्तों के ...और पढ़ें

पार्थ चटर्जी को मिली सशर्त जमानत (फाइल फोटो)

पार्थ चटर्जी को मिली सशर्त जमानत (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को गुरुवार को बड़ी राहत मिली। एसएससी के ग्रुप डी भर्ती भ्रष्टाचार मामले में अलीपुर की विशेष सीबीआई अदालत में आत्मसमर्पण करने के बाद उन्हें छह शर्तों के साथ जमानत मिल गई।

अदालत ने सात हजार रुपये के निजी मुचलके पर उनकी जमानत याचिका मंजूर की। हालांकि, अदालत में पेश होने के बावजूद पार्थ दूसरी मंजिल पर स्थित कोर्ट रूम तक नहीं पहुंच सके। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उन्होंने अदालत परिसर में अपनी कार में बैठकर वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में हिस्सा लिया।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मिली वर्चुअल सुनवाई की अनुमति

ग्रुप डी भर्ती घोटाले में आरोपित सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा चलाने के लिए आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद सीबीआई ने संबंधित दस्तावेज अदालत में जमा किए थे। इसी के बाद अदालत ने गुरुवार को पार्थ चटर्जी को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।

निर्देश के अनुसार, पार्थ अदालत पहुंचे और आत्मसमर्पण के साथ जमानत की अर्जी भी दाखिल की। उनके अधिवक्ता बिप्लब गोस्वामी ने अदालत में मेडिकल रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि पार्थ कई शारीरिक बीमारियों से जूझ रहे हैं और सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ हैं।

अदालत भवन में लिफ्ट की व्यवस्था नहीं होने के कारण उनके लिए दूसरी मंजिल पर स्थित कोर्ट रूम तक पहुंचना संभव नहीं था। मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद न्यायाधीश ने उन्हें भूतल से ही वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में शामिल होने की अनुमति दे दी।

पासपोर्ट जमा करना होगा, जांच में भी करना होगा सहयोग

अलीपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने पार्थ चटर्जी को जमानत देते हुए छह शर्तें लगाई हैं। इसके तहत चिकित्सा संबंधी कारणों को छोड़कर वह अदालत की अनुमति के बिना पश्चिम बंगाल से बाहर नहीं जा सकेंगे। उन्हें अपना पासपोर्ट अदालत में जमा करना होगा। इसके अलावा आरोप तय होने के समय उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहना होगा।

अदालत ने पार्थ को जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जांच अधिकारी के सामने भी उपस्थित होना होगा। जिस तरह के अपराध से जुड़े मामले में उन्हें जमानत मिली है, भविष्य में वह इस प्रकार की किसी गतिविधि में शामिल नहीं हो सकेंगे।

साथ ही उन्हें गवाहों को डराने, धमकाने या किसी तरह प्रभावित करने से भी प्रतिबंधित किया गया है। इस जमानत से पार्थ को ग्रुप डी भर्ती घोटाले के इस मामले में राहत मिली है, हालांकि उनके खिलाफ चल रहे अन्य मामलों की स्थिति और उनमें लगी कानूनी शर्तें अलग रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।