वोट चोरी के खिलाफ एक नवंबर को दिल्ली में जुटेगा विपक्ष, ममता बनर्जी ने की एकजुटता की अपील
विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ महारैली' आयोजित करेगा, जिसमें कथित 'वोट चोरी' और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाएंगे।

ममता बनर्जी की विपक्ष से एकजुटता की अपील।
HighLights
1 नवंबर को दिल्ली में 'वोट बचाओ महारैली'।
विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए करेगा आयोजन।
ममता बनर्जी ने एकजुटता की अपील की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए एक बार फिर केंद्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया के खिलाफ लामबंद होने की तैयारी में है। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ महारैली’ आयोजित की जाएगी।
बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस रैली में विपक्षी दलों से एकजुट होकर शामिल होने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और नागरिक समाज के लोगों से आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई प्रत्येक भारतीय के मतदान और अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने के अधिकार की रक्षा की लड़ाई है।
बंगाल समेत अन्य राज्यों में चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब मिलने चाहिए, न कि इस पर चुप्पी साधी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मताधिकार पर खतरा हो, तब चुप रहना विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
ईवीएम से मतगणना तक पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), मतदाता आंकड़ों, मतदाता सूचियों और मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। विपक्षी गठबंधन का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इसी मांग को लेकर एक नवंबर को दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों ने व्यापक लामबंदी की तैयारी की है।
यह भी पढ़ें- कोलकाता और शांतिनिकेतन में 25 नवंबर से सजेगा बंगाल बिएनाले, दो जनवरी 2027 तक चलेगा कला महोत्सव
