बांग्लादेश की प्रधानमंत्री को परोसे जाएंगे एक से एक स्वादिष्ट पकवान
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को भोजन में एक से बढ़कर एक पकवान परोसे जाएंगे।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। आसनसोल के काजी नजरुल विश्वविद्यालय में 26 मई को डी.लिट की उपाधि ग्रहण करने आने वाली बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को भोजन में एक से बढ़कर एक पकवान परोसे जाएंगे।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सुधांशु गुहा ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के लोगों का सबसे प्रिय भोजन मछली है इसलिए शेख हसीना के भोजन में मछलियों वाले विभिन्न स्वादिष्ट पकवान शामिल होंगे। इनमें डाब चिंगड़ी, भेटकीर पातुड़ी और पाबदा माछ शामिल हैं।
काजी नजरुल विवि के साथ चूंकि बर्द्धमान का नाम जुड़ा हुआ है इसलिए मीठे के रूप में मिहीदाना और सीताभोग परोसे जाएंगे। भगाड़ मांस कांड को देखते हुए पीएम हसीना के लिए मांस का बना कोई पकवान नहीं होगा। गुहा ने आगे कहा कि चूंकि रोजा का महीना चल रहा है इसलिए मेहमानों के लिए विवि की ओर से ड्राई फूड के पैकेट की भी व्यवस्था की जाएगी।
कविगुरु के पैतृक आवास पर भी जाएंगी पीएम शेख हसीना
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना दो दिवसीय बंगाल दौरे पर शुक्रवार को सुबह 9 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस एयरपोर्ट पर उतरी। वहां से वह शांतिनिकेतन जाएंगी जहां वह विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह मौजूद रहेंगी। इसके बाद वहां बांग्लादेश भवन का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद शेख हसीना 3.15 में कोलकाता हेलीपैड पर उतरेंगी। वह 3.25 में ताज बंगाल होटल पहुंचेंगी। इसके बाद वह शाम 4.35 से 5.30 बजे कोलकाता के जोड़ाशांको स्थित कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर के पैतृक आवास ठाकुरबाड़ी जाएंगी।
शनिवार को सुबह हेलीकॉप्टर से शेख हसीना आसनसोल जाएंगी जहां काजी नजरूल इस्लाम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें डीलिट की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। काजी नजरूल इस्लाम के दीक्षांत समारोह में हसीन के साथ राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी भी उपस्थित रहेंगे।
दोपहर कोलकाता लौटने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ शिष्टाचार बैठक करने के बाद शनिवार को रात करीब 8.30 बजे वह नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयर पोर्ट से ढाका के लिए रवाना हो जाएंगी।