Move to Jagran APP

शौचालय में हाथ-पैर बांधकर किशोरी से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

- 13 मई को आरोपित के घर टीवी देखने के दौरान दिया घटना को अंजाम - आरोपित की अदालत में पे

By JagranEdited By: Mon, 21 May 2018 06:00 AM (IST)
शौचालय में हाथ-पैर बांधकर किशोरी से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार
शौचालय में हाथ-पैर बांधकर किशोरी से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

- 13 मई को आरोपित के घर टीवी देखने के दौरान दिया घटना को अंजाम

- आरोपित की अदालत में पेशी, 30 मई तक न्यायिक हिरासत

जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर थानांतर्गत समाली घोषपाड़ा इलाके में शौचालय में हाथ-पैर बांध कर पड़ोसी युवक द्वारा एक किशोरी से दुष्कर्म किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। यही नहीं, इसकी जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की भी धमकी दी गई। बावजूद इसके पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम रहीम मंडल (29) है। पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसे रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने सुनवाई के बाद 30 मई के लिए जेल हिरासत में रखने का निर्देश दिया है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है।

जानकारी के मुताबिक समाली घोषपाड़ा निवासी आरोपित रहीम पीड़िता का पड़ोसी है। गत 13 मई को पीड़िता रहीम के घर में टीवी देखने गई थी। वहीं किशोरी को शौच आया। वह रहीम के घर में स्थित शौचालय में गई। किशोरी के पीछे-पीछे रहीम भी जबरन शौचालय में घुस गया। उसने विरोध किया, तो दबोच कर हाथ-पैर बांध दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया। साथ ही इसकी जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी धमकी से किशोरी डर गई और उस दिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। पर गत 17 मई को किशोरी ने बातों-बातों में अपनी भाभी को पूरी घटना बता दी। इसके बाद पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने रात में ही विष्णुपुर थाने में आरोपित रहीम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच में उतरी पुलिस ने 19 मई यानी शनिवार की रात रहीम को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। हालांकि रहीम की गिरफ्तारी के बाद से ही उसका परिवार पीड़िता के परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर धमकियां भी दी जा रही हैं। यही नहीं, पीड़िता के चरित्र को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।