कभी सियासी प्रतिद्वंद्वी, आज एक-दूसरे के बने मुरीद; बैरकपुर में एक मंच पर दिखे अर्जुन और तड़ित
बैरकपुर में पूर्व सियासी प्रतिद्वंद्वी भाजपा नेता अर्जुन सिंह और माकपा नेता तड़ित बरन तोपदार एक मंच पर दिखे। दोनों ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की।

तड़ित बरन तोपदार औैर अर्जुन सिंह।
HighLights
बैरकपुर में अर्जुन सिंह और तड़ित तोपदार एक साथ दिखे।
दोनों पूर्व सियासी प्रतिद्वंद्वियों ने एक-दूसरे की प्रशंसा की।
अर्जुन सिंह ने तड़ित को अपना सियासी अभिभावक बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बैरकपुर की राजनीति में कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे पूर्व सांसद व वरिष्ठ माकपा नेता तड़ित बरन तोपदार औैर राज्य के परिवहन मंत्री व भाजपा नेता अर्जुन सिंह एक मंच पर नजर आए। बैरकपुर में निजी कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने न केवल एक-दूसरे के प्रति गर्मजोशी दिखाई, बल्कि सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे की जमकर प्रशंसा भी की।
अर्जुन सिंह ने तड़ित बरन तोपदार को अपना सियासी अभिभावक बताते हुए कहा कि वह उनसे लगातार सीखने का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम में तड़ित बरन ने अर्जुन सिंह के राजनीतिक सफर और संघर्षों की सराहना की।
'एक दिन में अर्जुन सिंह बनना संभव नहीं'
उन्होंने कहा कि कई उतार-चढ़ाव और चुनौतियों से गुजरने के बाद अर्जुन आज मंत्री पद तक पहुंचे हैं। उन्हें महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी मिली है। एक दिन में अर्जुन सिंह बनना संभव नहीं है। उनके पिता भी राजनीति से जुड़े थे। राजनीति में दल बदलना सामान्य बात है, लेकिन अर्जुन ने जिस तरह अपनी राजनीतिक पहचान बनाई और सफलता हासिल की, वह उल्लेखनीय है।
बैरकपुर को तड़ित बाबू से बेहतर कोई नहीं जानता : अर्जुन
वहीं, अर्जुन ने वरिष्ठ माकपा नेता के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि बैरकपुर की राजनीति, सामाजिक परिस्थितियों और यहां की समग्र व्यवस्था की जितनी समझ तड़ित बाबू को है, उतनी शायद ही किसी अन्य व्यक्ति को होगी। वह भी उनसे लगातार सीखने की कोशिश करते हैं।
उम्र संबंधी कारणों से तड़ित अब सक्रिय राजनीति में पहले की तरह नजर नहीं आते। पिछले लोकसभा चुनाव में अर्जुन ने उनके घर जाकर आशीर्वाद लिया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट मिलने पर भी वह वरिष्ठ माकपा नेता का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।