बंगाल: कॉलेज के यूनियन रूम से मिला कंडोम और नशे का सामान, छात्रों ने TMC की स्टूडेंट विंग पर लगाए आरोप
कोलकाता के न्यू बैरकपुर स्थित एपीसी कॉलेज के यूनियन रूम से कंडोम, शराब और लाठियां मिलें। छात्रों ने टीएमसीपी पर आरोप लगाए हैं।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता : कोलकाता से सटे न्यू बैरकपुर स्थित एपीसी कालेज के यूनियन रूम का ताला खुलने पर आपत्तिजनक सामान मिलने से हड़कंप मच गया। कमरे के भीतर इस्तेमाल किए गए कंडोम के पैकेट, शराब और कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें, लाठियां तथा अन्य सामान बरामद हुआ। इस घटना के बाद कालेज परिसर में यूनियन रूम के दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण 2025 में कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर राज्य के सभी कालेजों के यूनियन रूम सील कर दिए गए थे। हाल ही में उच्च शिक्षा विभाग ने तय प्रक्रिया के तहत सभी यूनियन रूम खोलने का निर्देश दिया।
इसके अनुसार प्राचार्य या टीचर-इन-चार्ज की मौजूदगी में पांच सदस्यीय टीम की उपस्थिति, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और सात दिनों के भीतर विकास भवन को रिपोर्ट भेजना अनिवार्य किया गया है। किसी भी आपत्तिजनक वस्तु के मिलने पर इसकी सूचना तत्काल गवर्निंग बॉडी और डीपीआई को देने का भी निर्देश है।
इसी प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को एपीसी कालेज का यूनियन रूम खोला गया, जहां बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान मिला। इसके बाद छात्रों ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन के दौरान टीएमसीपी कार्यकर्ताओं का यूनियन रूम पर कब्जा था और अन्य छात्रों को वहां जाने नहीं दिया जाता था।
छात्रों का कहना है कि अब सामने आए सामान की जिम्मेदारी टीएमसीपी को लेनी चाहिए। घटना से कालेज के पूर्व छात्र भी नाराज हैं। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
