कोलकाता के एनआरएस अस्पताल से मरीज लापता, पत्नी ने जताई अपहरण की आशंका
कोलकाता के नीलरतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कालेज एवं अस्पताल से मोहम्मद असरार नामक मरीज रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है।

एनआरएस अस्पताल से मोहम्मद असरार नामक मरीज लापता। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
एनआरएस अस्पताल से मोहम्मद असरार नामक मरीज लापता।
पत्नी ने अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। महानगर के नीलरतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती एक मरीज के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लापता मरीज का नाम मोहम्मद असरार है। वह हुगली जिले के मोगरा का रहने वाला है। उसकी पत्नी ने अपहरण की आशंका जताते हुए शनिवार को एंटाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले अस्वस्थ होने के कारण असरार को एनआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी पत्नी जब उससे मिलने अस्पताल पहुंची तो वह वार्ड में नहीं मिला।
अस्पताल के अन्य वार्डों व शौचालयों में तलाश करने के साथ ही नर्सों, अस्पताल के अन्य कर्मचारियों और दूसरे मरीजों के स्वजन से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला ने अस्पताल प्रबंधन को मामले की जानकारी दी और एंटाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
महिला को आशंका है कि अज्ञात लोगों ने अस्पताल परिसर से उसके पति का अपहरण कर लिया है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लापता मरीज का पता लगाने में जुट गई है।