कोलकाता: एक्स-रे के दौरान भरभराकर गिरी एनआरएस अस्पताल की छत, बाल-बाल बचे मरीज
कोलकाता के नीलरतन सरकार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में एक्स-रे के दौरान छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इस हादसे में मरीज और टेक्नीशियन बाल-बाल बच गए।
-1795683030461_m.webp)
एनआरएस अस्पताल में एक्स-रे के दौरान गिरी छत (खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
एनआरएस अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में छत का हिस्सा गिरा।
एक्स-रे के दौरान मरीज और टेक्नीशियन सुरक्षित बच निकले।
अस्पताल की जर्जर इमारत पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, कोलकाता । महानगर के नीलरतन सरकार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (एनआरएस) में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल के रेडियोलाजी विभाग में एक्स-रे के दौरान अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा (प्लास्टर) भरभराकर नीचे गिर गया।
इस घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में मरीज और टेक्नीशियन दोनों बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोजाना की तरह गुरुवार सुबह भी अस्पताल में इलाज के लिए कोलकाता, उपनगरों और विभिन्न जिलों से आए हजारों मरीजों की भीड़ थी। रेडियोलाजी विभाग के कमरा नंबर 2 में जब एक मरीज का एक्स-रे किया जा रहा था, तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा।
तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और चारों तरफ मलबे के टुकड़े बिखर गए। वहां मौजूद कर्मियों ने आनन-फानन में मरीज और टेक्नीशियन को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना के बाद से अस्पताल के मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों में भारी रोष और डर का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयावह था कि इसमें किसी की जान भी जा सकती थी। लोगों ने सरकारी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उनका पूछना है कि जिस अस्पताल में रोजाना हजारों लोग उम्मीद लेकर आते हैं, वहां की इमारत की ऐसी जर्जर हालत क्यों है और इसकी नियमित निगरानी क्यों नहीं की जाती? हालांकि, इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।