विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर कोलकाता में 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव, 23 नवंबर को आएगा मतदाता सूची का प्रारूप

Published: Tue, 03 Nov 2026 05:57 PM (IST)

उत्तर कोलकाता में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के युक्तिकरण पर सर्वदलीय बैठक हुई, जिसमें 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव रखा गया।

उत्तर कोलकाता में 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव।

उत्तर कोलकाता में 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव।

HighLights

  1. उत्तर कोलकाता में 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव।

  2. 23 नवंबर को मतदाता सूची का एकीकृत प्रारूप होगा प्रकाशित।

  3. राजनीतिक दलों ने मतदान केंद्र स्थानांतरण पर आपत्ति जताई।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। उत्तर कोलकाता में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (स्पेशल समरी रिवीजन) और मतदान केंद्रों के युक्तिकरण को लेकर जिला चुनाव अधिकारी (डीईओ) स्मिता पांडेय की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें 39 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव रखा गया। निर्वाचन अधिकारियों के सर्वे में ऐसे मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं, जो संकरी गलियों में स्थित हैं या जहां मतदाताओं और मतदान कर्मियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

बैठक में मतदान केंद्रों को बेहतर और खुले परिसर वाले भवनों में स्थानांतरित करने पर चर्चा हुई। इसके लिए आसपास के निजी स्कूलों को भी मतदान केंद्र के रूप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। वहीं, 300 से 500 या इससे अधिक मतदाताओं वाली बहुमंजिला इमारतों और हाउसिंग सोसाइटियों में भी अलग मतदान केंद्र बनाने की संभावना तलाशी जा रही है। राजनीतिक दलों से इस संबंध में 10 नवंबर तक अपने सुझाव और वैकल्पिक प्रस्ताव देने को कहा गया है।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 23 नवंबर से 22 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए 28-29 नवंबर, पांच-छह दिसंबर, 12-13 दिसंबर और 19-20 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण आठ जनवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 16 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

क्लबों में बने बूथों पर भाजपा को आपत्ति

बैठक में भाजपा ने क्लबों में स्थित मतदान केंद्रों को लेकर आपत्ति जताई। उत्तर कोलकाता जिला भाजपा के महासचिव चित्तरंजन दे ने कहा कि मानिकतला विधानसभा क्षेत्र में एक क्लब में मतदान केंद्र है। इसे सामने स्थित गुरुदास कॉलेज में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि हाउसिंग सोसाइटियों में मतदान केंद्र बनाने से पहले वहां के निवासियों की सहमति लेना जरूरी होना चाहिए।

कांग्रेस ने कम समय मिलने पर जताई नाराजगी

उत्तर कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव शंकरनाथ हाजरा ने पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय सीमा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों और छुट्टियों के बीच इतनी कम अवधि में जमीनी स्तर पर मतदाताओं से संपर्क कर विसंगतियों की सूची तैयार करना मुश्किल है। प्रशासन को राजनीतिक दलों और मतदाताओं को पर्याप्त समय देना चाहिए। बिना पर्याप्त समय दिए फैसले थोपना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुकूल नहीं है।

माकपा ने सरकारी भवनों में बूथ बनाने की मांग की

माकपा नेता राजीव मजूमदार ने कहा कि पहले विधानसभा स्तर पर सर्वदलीय बैठकें आयोजित की जाती थीं, लेकिन इस बार सीधे जिला स्तर पर बैठक कर औपचारिकता पूरी की जा रही है। उन्होंने निजी परिसरों और क्लबों में मतदान केंद्र बनाने का विरोध किया। उन्होंने मांग कि मतदान केंद्र केवल सरकारी स्कूलों और सरकारी भवनों में ही बनाए जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।